Site icon Buziness Bytes Hindi

गेल ने टी-20 में 1000 छक्के पूरे करने की अद्भुत उपलब्धि हासिल की


गेल ने टी-20 में 1000 छक्के पूरे करने की अद्भुत उपलब्धि हासिल की

अबु धाबी: यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने आठ छक्कों से सजी अपनी 99 रन की पारी के दौरान टी-20 में 1000 छक्के पूरे करने की अद्भुत उपलब्धि हासिल कर ली और उनकी इस पारी से किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में शुक्रवार को 20 ओवर में चार विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर बना लिया।

41 वर्षीय गेल ने कमाल की बल्लेबाजी की और 63 गेंदों पर 99 रन की आतिशी पारी में छह चौके और आठ छक्के लगाए। गेल ने इन आठ छक्कों से टी-20 क्रिकेट में 1000 छक्के पूरे करने वाला पहला खिलाड़ी बनने की शानदार उपलब्धि हासिल कर ली। गेल के अब कुल 1001 छक्के हो गए हैं। वेस्ट इंडीज के गेल के बाद टी-20 में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर वेस्ट इंडीज के ही कीरोन पोलार्ड हैं जिनके नाम 690 छक्के हैं।

गेल आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड हुए और शतक बनाने से चूक गए। जोफ्रा आर्चर ने जैसे ही गेल को बोल्ड किया, गेल ने निराशा में अपना बल्ला मैदान में फेंक दिया। वह शतक पूरा करने के हकदार थे। गेल ने आर्चर की तीसरी गेंद पर छक्का मारा था लेकिन अगली गेंद पर आर्चर ने गेल का शिकार कर लिया। पवेलियन की तरफ निराश लौट रहे गेल से आर्चर ने हाथ मिलाया।

गेल ने पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रन की शानदार साझेदारी की। राहुल ने 41 गेंदों पर 46 रन में तीन चौके और दो छक्के लगाए। गेल ने फिर निकोलस पूरन के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। पूरन ने 10 गेंदों पर 22 रन में तीन छक्के लगाए।

ग्लेन मैक्सवेल छह और दीपक हुड्डा एक रन बनाकर नाबाद रहे। ओपनर मनदीप सिंह खाता खोले बिना आउट हुए। राजस्थान की तरफ से आर्चर ने 26 रन पर दो विकेट और बेन स्टोक्स ने 32 रन पर दो विकेट लिए।

Exit mobile version