Site icon Buziness Bytes Hindi

मेरठ में गैंग रेप की शिकार छात्रा ने ज़हर खाकर जान दी, दो आरोपी गिरफ्तार-दो फरार


मेरठ में गैंग रेप की शिकार छात्रा ने ज़हर खाकर जान दी, दो आरोपी गिरफ्तार-दो फरार

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में गैंग रेप के बाद मौत का मामला सामने आया है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था जिसमें से मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया, हालाँकि बाद में मुड़भेड़ के बाद उसे फिर गिरफ्तार कर लिया गया है. अभी दो आरोपियों की तलाश जारी है.

रेप के बाद छात्रा ने खाया था ज़हर
दरअसल थाना सरधना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन से लौट रही कक्षा 10 की छात्रा को गांव के ही चार युवकों ने कथित तौर पर अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया था, घटना के बाद लोक लाज के डर से छात्रा ने घर पहुंचकर कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था जिससे अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी.

कस्टडी से भाग निकला था मुख्य आरोपी
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था मगर आज जब कोर्ट में आरोपियों के पेश करने ले जाया जा रहा था तो उसमें से मुख्य आरोपी कस्टडी से भाग निकला हालांकि पुलिस ने उसे फिर गिरफ्तार कर लिया. जानकारी है कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग भी की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में अस्पताल में भर्ती कराया है.

सुसाइड नोट बरामद
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि गुरुवार को हुई इस घटना में चार युवक शामिल थे. उन्होंने बताया कि घर से छात्रा का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्रा ने लखन पुत्र संजय के अलावा विकास पुत्र बलवंत उर्फ मुरली का जिक्र किया है. कुमार ने बताया कि इसके आधार पर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.

Exit mobile version