नई दिल्ली।एटीपी और डब्ल्यूटीए ने बड़ा फैसला करते हुए इस साल चीन में होने वाले 11 टूर्नामेंट रद्द कर दिए हैं. कोरोना वायरस की गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुवार को यह फैसला किया गया है. एटीपी और डब्ल्यूटीए ने टूर्नामेंट को रिशेड्यूल या कहीं औऱ आयोजित कराने की जगह उन्हें रद्द कर दिया गया. चीन ने कुछ दिन पहले इस बात का ऐलान किया था कि वह इस साल किसी भी अंतरराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट का आयोजन नहीं करेगा.
जल्द सब ठीक होगा
डब्ल्यूटीए के चेयरमैन स्टीव सायमन ने कहा, ‘हमें इस बात का काफी अफसोस है कि चीन में इस साल होने वाले बड़े टूर्नामेंट को रद्द करना पड़ रहा है. हालांकि हम चीन के फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही वहां सब ठीक हो जाएगा.
चीन के फैसले का सम्मान करते हैं एटीपी और डब्ल्यूटीए
डबल्यूटीए ने सात वहीं एटीपी ने चार टूर्नामेंट रद्द किए हैं जिसमें एशिया का इकलौता मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट शामिल है. एटीपी के चेयरमैन एंडरिया गोडेनजी ने कहा, ‘इस महामारी के बीच हमने शुरुआत से कोशिश की मेजबानों के मुताबिक ही टूर्नामेंट्स को लेकर फैसला किया जाए. हम चीन की सरकार के फैसला का सम्मान करते हैं जो इस कोशिश में हैं कि उनके देश में हालात सुधर सकें. हम बहुत भारी दिल से यह कहते हैं कि इस साल चीन में कोई टेनिस टूर्नामेंट नहीं खेला जाएगा.’
फ्रेंच ओपन स्थगित
डब्ल्यूटीए तीन अगस्त से इटली के पालरेमो में होने वाले टूर्नामेंट के जरिये वापसी करेगा. अगला ग्रैंडस्लैम अमेरिकी ओपन है जो 31 अगस्त से शुरू होना है. फ्रेंच ओपन सितंबर तक स्थगित कर दिया गया था .
17 अगस्त से निचले स्तर पर होंगे टूर्नामेंट
अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) 17 अगस्त से अपने निचले स्तर के विश्व टूर को बहाल करने की योजना बना रहा है तथा इसके दो सप्ताह बाद जब यूएस ओपन शुरू होना है तब वह जूनियर और बीच टेनिस टूर की शुरुआत करना चाहता है. आईटीएफ के सभी टूर कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही निलंबित हैं.
31 अगस्त से पहले कोई टूर नही
टेनिस की संचालन संस्था ने कहा कि उसने सीनियर या व्हीलचेयर टूर की वापसी के बारे में कोई फैसला नहीं किया है लेकिन कोई भी टूर 31 अगस्त से पहले शुरू नहीं होगा. आईटीएफ ने अपने टूर्नामेंटों और खिलाड़ियों के लिये कोविड-19 प्रोटोकॉल की भी घोषणा की.

