Site icon Buziness Bytes Hindi

गैरसैंण नहीं बनेगा कमिश्नरी, कैबिनेट बैठक में लिया फैसला


गैरसैंण नहीं बनेगा कमिश्नरी, कैबिनेट बैठक में लिया फैसला

देवस्थानम बोर्ड मेें 51 नये मंदिरों को किया जायेगा मुक्त
पूर्व सीएम त्रिवेंद सिंह रावत के इन निर्णयों का हो रहा था विरोध

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद सिंह रावत के दो विवादास्पद फैसलों पर तीरथ सिंह सरकार ने अपना रूख स्पष्ट कर दिया है। पूर्व सीएम त्रिवेंद के गैरसैंण को कमिश्नरी बनाये जाने का उत्तराखंड में जोरदार विरोध किया जा रहा था। आज मुख्यमंत्री तीरथ रावत की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को कमिश्नरी बनाने के फैसले को समाप्त कर दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सरकार चार धाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया। सीएम ने कहा कि सरकार बोर्ड के अधीन चारधाम को छोड़कर अन्य 51 मंदिरों को बोर्ड के नियंत्रण से मुक्त करने पर पुनर्विचार करेगी। सीएम के आश्वासन से जाहिर हो गया है कि पूर्व सीएम का यह फैसला भी पलटता तय है।

चार मार्च, 2021 को तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गैरसैंण को कमिश्नरी बनाने का फैसला लिया था। गैरसैंण कमिश्नरी में चमोली,रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा व बागेश्वर जिले को शामिल किये जाने का विरोध विपक्षी दलों से लेकर आम जनता तक कर रही थी। प्रदेश में सीएम के पद पर हुए परिवर्तन के बाद नये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत अनेक अवसरों पर गैरसैंण कमिश्नरी को खत्म करने के संकेत दे चुके थे। शुक्रवार रात को मुख्यमंत्री तीरथ रावत की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भाजपा की ही पूर्व त्रिवेंद्र सरकार के इस फैसले को सिरे से खारिज कर दिया गया। अब पूर्व की भंाति राज्य में दो ही कमिश्नरी रहेंगी।

वहीं पूर्व सीएम त्रिवेंद सिंह रावत के देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को लिये गये फैसले से राज्य के साधु-संतों और पुरोहितों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी थी। त्रिवेंद्र सरकार ने देवस्थानम बोर्ड का गठन कर चारधाम समेत गढ़वाल क्षेत्र के 55 मंदिरों को सरकारी नियंत्रण में लेने का प्रयास किया था। आने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा सरकार को इस फैसले से नुकसान होने का अंदेशा था। ऐसे में माना जा रहा था की तीरथ सिंह सरकार इस फैसले को भी वापस लेगी। आज हरिद्वार में विश्व हिंदू परिषद की मार्गदर्शक मंडल की बैठक में शामिल हुए सीएम तीरथ सिंह रावत ने देवस्थानम बोर्ड शामिल 51 नए मंदिरों को मुक्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार बोर्ड के अधीन चारधाम को छोड़कर अन्य 51 मंदिरों को बोर्ड के नियंत्रण से मुक्त करने पर पुनर्विचार करेगी। सीएम ने कुंभ नगरी हरिद्वार में शराब की दुकानों को बंद करने की घोषणा की है।

Exit mobile version