लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एम0एस0पी0 के तहत धान खरीद कार्य को पूरी तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि क्रय किए गए धान का सुरक्षित भण्डारण सुनिश्चित की जाए। धान क्रय केन्द्रों पर शेड की भी व्यवस्था की जाए, जिससे धान कोहरे आदि से प्रभावित न हो। उन्होंने धान क्रय केन्द्रों पर सुरक्षा के प्रबन्ध किए जाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि बर्ड फ्लू के दृष्टिगत पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आई0वी0आर0आई0) को वर्तमान में सौपे गए कोविड-19 से सम्बन्धित दायित्वों से मुक्त कर दिया जाए, जिससे यह संस्थान केवल बर्ड फ्लू की जांच पर पूरा ध्यान केन्द्रित कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में शीतकाल में प्रतिवर्ष प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। वर्तमान में वहां माघ मेला आयोजित होने वाला है। ऐसे में माघ मेले के दौरान बर्ड फ्लू के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रयागराज मेला प्राधिकरण को निर्देशित किया कि वह इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें कि श्रद्धालु पक्षियों को दाना आदि न खिलाएं।

