Site icon Buziness Bytes Hindi

अमेज़ॉन पर चल रहा है राम नाम प्रसाद का फर्ज़ीवाड़ा

ram naam

ठगों का एक ही धर्म होता है, पैसों के लिए लोगों को ठगना, भगवान्. धर्म वगैरह का उनके लिए कोई मतलब नहीं होता, ये भगवान् के नाम पर भी लोगों को ठगने से नहीं चूकते, ये ठग सिर्फ मौके की तलाश में रहते हैं कि कब कोई ऐसा मौका मिले और लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाएं। सभी जानते हैं कि इस समय पूरे देश में अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर में राम लला के आगमन की तैयारियों से लोग अभिभूत हैं, एक उत्सव जैसा माहौल। लोगों को अपने अराध्य की प्राण प्रतिष्ठा का इंतज़ार है, ऐसे में इस मौके को भी ठगों ने भुनाने के प्रयास किये हैं, अभी कुछ दिनों पहले राम नाम से ऑनलाइन दान माँगा जा रहा था जिसकी बाकायदा विश्व हिन्दू परिषद् ने शिकायत भी दर्ज कराई थी और अब राम नाम के प्रसाद के नाम पर ठगी का कारोबार चल रहा है वो भी देश के सबसे बड़े ऑनलाइन खरीद के प्लेटफॉर्म अमेज़ॉन पर जिसपर बाकायदा केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण यानि सीसीपीए ने अमेज़ॉन को नोटिस भी जारी किया है.

दरअसल ‘श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद’ के नाम से ई-कॉमर्स वेबसाइट पर मिठाई बेचीं जा रही है। लोगों को घर बैठे राम नाम का प्रसाद देने का फर्जीवाड़ा चल रहा है, राम भक्ति में चूर लोग लगातार इस फर्ज़ीवाड़े का शिकार बन रहे हैं और धड़ाधड़ आर्डर कर रहे हैं। मामला सरकार तक पहुंचा तो कान खड़े हुए और केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने संज्ञान लेते हुए अमेज़ॉन को इस बारे में नोटिस भेजा और एक हफ्ते के अंदर जवाब भेजने को कहा, जवाब नहीं भेजने पर अमेज़ॉन के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने को कहा. मुख्य आयुक्त रोहित कुमार सिंह की अध्यक्षता में CPPA ने ‘श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद’ नाम के तहत ‘WWW.amazon.in’ पर मिठाइयों की बिक्री के संबंध में अAmazon Seller Services Pvt Ltd के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

यह कार्रवाई व्यापारियों के संगठन Confederation of All India Traders (CAIT) की रिपोर्ट के आधार पर शुरू की गई है। CAIT की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन ‘श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद’ की आड़ में मिठाइयों की बिक्री से जुड़ी भ्रामक व्यापार गतिविधियों में शामिल है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने पाया है कि विभिन्न मिठाइयां/खाद्य उत्पाद अमेजन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ‘श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद’ होने का दावा करते हुए बिक्री के लिए उपलब्ध है। इस कार्रवाई पर अभी तक अमेज़ॉन से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.

Exit mobile version