नई दिल्ली: निलंबित हो चुकी इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा रहे कप्तान केन विलियमसन सहित न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम के चार सदस्य 11 मई को भारत से ब्रिटेन के लिए रवाना होंगे जबकि बाकी खिलाड़ी शुक्रवार को स्वदेश लौटेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने यह घोषणा की।
न्यूजीलैंड को दो जून से मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है जिसके बाद टीम 18 जून से साउथम्पटन में भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलेगी।
एनजेडसी के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने गुरुवार को बयान में कहा, ‘‘खिलाड़ियों की रवानगी को लेकर हमने बीसीसीआई और विभिन्न आईपीएल फ्रेंचाइजियों के साथ विभिन्न रणनीतियों पर काम किया है और इस चुनौतीपूर्ण समय में हम उनके समर्थन की सराहना करते हैं।’’
कप्तान विलियमसन, तेज गेंदबाज काइल जेमीसन और स्पिनर मिशेल सेंटनर के अलावा फिजियो टॉमी सिमसेक ब्रिटेन रवाना होने से पहले नयी दिल्ली में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में रहेंगे।
वाइट ने कहा, ‘‘हम इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के भी बेहद आभारी हैं कि वे अभी भारत में मौजूद टेस्ट टीम के चार सदस्यों को अपने यहां जल्दी जगह दे रहे हैं।’’
एनजेडसी ने कहा कि ब्रिटेन में टीम के आगमन के लिए 11 मई से पहले इंतजाम नहीं हो पा रहा था।
तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ ट्रेंट बोल्ट अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए कुछ समय के लिए स्वदेश लौटेंगे और फिर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट और भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशप के फाइनल के लिए जून की शुरुआत में टीम से जुड़ेंगे।
न्यूजीलैंड में मौजूद टेस्ट टीम के सदस्य 16 और 17 मई को इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे।

