Site icon Buziness Bytes Hindi

पूर्व सांसद धनंजय सिंह और शूटर शिवेंद्र ने किया आत्मसमपर्ण


पूर्व सांसद धनंजय सिंह और शूटर शिवेंद्र ने किया आत्मसमपर्ण

मऊ के ब्लाक प्रमुख रहे अजीत सिंह की हत्या के आरोपितों पर था 25-25 हजार का इनाम

प्रयागराज/लखनऊ। मऊ के ब्लाक प्रमुख रहे अजीत सिंह की लखनऊ में छह जनवरी को हत्या की साजिश रचने के आरोपित पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह ने आज प्रयागराज की एमपी/एमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेज दिया। वहीं इसी हत्याकांड में आरोपित शूटर शिवेंद्र उर्फ अंकुर ने भी शुक्रवार को लखनऊ की सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। धनंजय सिंह और शूटर शिवेंद्र उर्फ अंकुर पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। इस मामले में शूटर रवि यादव, राजेश तोमर और मुस्तफा को लखनऊ पुलिस तलाश रही है।

छह जनवरी को लखनऊ में मऊ के ब्लाक प्रमुख रहे अजीत सिंह की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में लखनऊ पुलिस ने पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। लखनऊ की कोर्ट से गैरजमानती वारंट जारी होने के बाद लखनऊ पुलिस ने धनंजय सिंह पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था। धनंजय सिंह की चल-अचल संपत्ति कुर्क किए जाने की भी प्रक्रिया शुरू की जा रही थी। लेकिन पुलिस की नाकाबंदी को धता बताते हुए पूर्व सांसद ने शुक्रवार को दिन में करीब 12 बजे प्रयागराज की एमपी/एमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जहां कोर्ट ने आरोपित सांसद को न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेज दिया।

वहीं अजीत सिंह हत्याकांड में आरोपित शूटर शिवेंद्र उर्फ अंकुर ने भी शुक्रवार को लखनऊ की सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद न्यायालय ने अंकुर को 18 मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अंकुर पर आरोप है कि उसने साथियों के साथ मिलकर अजीत सिंह पर गोलियां बरसाई थीं। इस मामले में अभी शूटर रवि यादव, राजेश तोमर और मुस्तफा फरार चल रहे हैं जिनको लखनऊ पुलिस तलाश रही है।

Exit mobile version