राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में घने कोहरे का कहर कम नहीं हो रहा है, दृश्यता शून्य होने की वजह से आज सुबह भी दर्जनों उड़ानें और ट्रेनें विलंबित हो गईं। अब तक कम से कम सात उड़ानें रद्द की गई हैं और 184 अन्य विलंबित हैं। दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं और छह ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। दृश्यता कम होने के कारण दिल्ली और आसपास के शहरों में सड़क यातायात भी रेंग रहा है.
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को अपनी उड़ानों के बारे में अपडेट रहने की चेतावनी दी थी। जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग और टेक-ऑफ जारी है, कैट III का अनुपालन नहीं करने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। चेतावनी में यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे उड़ान की अपडेटेड जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें और सही जानकारी मिलने पर ही एयरपोर्ट के लिए निकलें।
बजट एयरलाइन्स इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी चेतावनी दी है कि कम दृश्यता के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं और यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करते रहें। वहीँ दिल्ली में सुबह 9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने शाम और रात में फिर से कोहरा छाने का अनुमान जताया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी सुबह घना कोहरा छाए रहने और दिन में बाद में बादल छाए रहने तथा शाम या रात में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
