Site icon Buziness Bytes Hindi

बागपत में कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा, 20 से ज्यादा वाहन टकराए, कई घायल

Fog causes massive road accident in Baghpat

न्यूज़ डेस्क – उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। दिल्ली-अक्षरधाम एक्सेस कंट्रोल एलिवेटेड हाईवे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे की वजह से एक के बाद एक करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा हसनपुर मसूरी-मविकला गांव के पास हुआ। सुबह के समय कोहरा इतना ज्यादा था कि कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक विजिबिलिटी कम होने के कारण आगे चल रहे वाहनों पर ब्रेक लगे और पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। देखते ही देखते कई कार, पिकअप और दूसरे वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बागपत और खेकड़ा पुलिस, एनएचएआई और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तुरंत खेकड़ा सीएचसी और बागपत जिला अस्पताल भेजा गया। कुछ गंभीर घायलों को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। घायलों में अशोक शर्मा, रफीक, नफीसा, सद्दाम और यूसुफ शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सद्दाम की हालत बहुत गंभीर है और हादसे में उनका एक पैर कट गया है।

एएसपी बागपत प्रवीण सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात फिर से शुरू कराने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों का हाल भी जाना।

बताया जा रहा है कि सभी घायल लोग अपने निजी वाहनों से दिल्ली की ओर जा रहे थे। कोहरे की वजह से पहले से ही सड़क पर वाहन धीरे चल रहे थे, लेकिन अचानक घनी धुंध छा जाने से यह बड़ा हादसा हो गया। गौर करने वाली बात यह है कि दो दिन पहले भी इसी हाईवे पर कोहरे के कारण ऐसा ही हादसा हुआ था।

लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में बहुत सावधानी से गाड़ी चलाएं, रफ्तार कम रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Exit mobile version