बैंकाक। थाईलैंड में शुक्रवार की देर रात एक नाइट क्लब में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 40 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। आग लगने के बाद चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। नाइट क्लब में आग की वारदात चोनुबरी प्रांत के सट्टाहिप जिले में हुई है। यह जगह थाईलैंड की राजधानी बैंकाक के दक्षिण पूर्व में स्थित है। पुलिस कर्नल वुटिपोंग सोमजाई के मुताबिक माउंटेन बी नाइट क्लब में आग बीती रात करीब एक बजे लगी थी। मरने वालों में शामिल सभी लोग थाईलैंड नागरिक बताए जा रहे हैं। वहीं राहत व बचाव कार्य में जुटे सवांग रोजनाथम्मासथान फाउंडेशन के के सूत्रों ने बताया कि आग में झुलसने से 40 लोगों की मौत हुई है।
Read also: राष्ट्रपति भवन, पीएम आवास के घेराव पर अड़ी कांग्रेस
नाइट क्लब रंगीन रातों के लिए प्रसिद्ध है। जहां पर बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक भी पहुंचते है और वे भी नाइट क्लब का मजा लेते हैं। सोशल मीडिया में वायरल आग लगने के वीडियो में लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखा जा सकता है। लोग जान बचाने के लिए इधर उधर चीखते हुए नजर आए। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल रहा है। आग जिस समय लगी उस दौरान नाइट क्लब में पार्टी चल रही थी। चारों ओर म्यूजिक और खुशनुमा माहौल था। अचानक से दूसरे तल में आग लगी और उसके बाद भगदड़ मचनी शुरू हो गई। जिसके बाद आग ने चंद मिनटों में पूरे नाइट क्लब को अपने आगोश में ले लिया। इसके बाद तो लोग आग की लपटों में झुलसते चले गए।

