Site icon Buziness Bytes Hindi

सब स्टेशन में लगी आग, 60 हजार से अधिक घरों की बिजली रही गुल


सब स्टेशन में लगी आग, 60 हजार से अधिक घरों की बिजली रही गुल

नोएडा। सेक्टर-148 स्थित नोएडा पॉवर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) सब स्टेशन में बुधवार सुबह आग लग गई। आग लगने की सूचना पर करीब एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका।

सब स्टेशन पर आग के चलते 60 हजार से अधिक घरों की बिजली करीब 4 घंटे तक गुल रही। सीएफओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 148 में नोएडा पॉवर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) सब स्टेशन है। बुधवार सुबह सब स्टेशन में अचानक आग लग गई। सब स्टेशन में मौजूद आधा दर्जन कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना पर दमकल की एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। सीएफओ ने बताया कि करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया गया। आग से जनहानि नहीं हुई।

एनपीसीएल की नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 20 सेक्टरों में बिजली सप्लाई करती है। इन 20 सेक्टरों में करीब 60 हजार से अधिक लोग रहते हैं। बुधवार सुबह सब स्टेशन से आग लगने इन सेक्टरों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित रही। इनमें कुछ सेक्टर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के भी शामिल हैं। हालांकि, एनपीसीएल से जुड़े सभी सेक्टरों की बिजली सप्लाई पाली पावर स्टेशन पर डायवर्ट कर दी गई है। देर शाम तक सेक्टर 148 सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति शुरू हो सकती है। सीएफओ अरुण कुमार सिह ने ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ने पर आग लगने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया है। आग से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

Exit mobile version