मशहूर कोरियोग्राफर हैं और कई डांस रियलिटी शो के जज रेमो डिसूजा समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर एक डांस ग्रुप से 11.96 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। रेमो, उनकी पत्नी लिजेल और पांच अन्य के खिलाफ 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र के ठाणे में मामला दर्ज किया गया है। ये FIR मीरा रोड पुलिस स्टेशन में 26 वर्षीय एक डांसर ने उनके खिलाफ दर्ज कराई है.
रेमो और उनकी पत्नी के अलावा जिन अन्य पांच लोगों पर आरोप लगाया गया है उनमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। बाकी चार लोगों के नाम ओमप्रकाश शंकर चौहान, रोहित जाधव, विनोद राउत और रमेश गुप्ता हैं। जिस व्यक्ति ने रेमो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, उसके मुताबिक उसके और उसके साथियों के साथ 2018 से 2024 तक कथित तौर पर ठगी की गई। जानकारी के मुताबिक ग्रुप ने एक टीवी डांस शो में परफॉर्म किया था और जीता भी था। हालांकि आरोप है कि रेमो समेत इन लोगों ने उस ग्रुप को अपना बताकर पेश किया था लेकिन जब उस ग्रुप ने जीत हासिल की और नकद पुरस्कार प्राप्त किया तो उनसे 11.96 करोड़ रुपये हड़प लिए गए.
यह पहली बार नहीं है जब रेमो का नाम इस तरह के विवादों से जुड़ा है. करीब 8 साल पहले भी उनके खिलाफ 5 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था. शिकायतकर्ता ने उन पर आरोप लगाया था कि फिल्म बनाने के नाम पर उनसे 5 करोड़ रुपये लिए गए और 10 करोड़ रुपये देने का वादा किया गया था. अगस्त 2024 में इस मामले की इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें रेमो ने राहत मांगी थी.
