सीएजी रिपोर्ट में जो अनियमितता देखने को मिली है उनको लेकर विपक्ष सरकार पर निशाना साधता नजर आ रहा है. कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और अपनी सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि केंद्र सरकार सीएजी रिपोर्ट की जांच के लिए तैयार है. लेकिन राज्यों से जो ग़लत डेटा आया है, उसके लिए हमें दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए.
सीतारमण ने एक चैनल से बातचीत में कहा, ‘कोविड के दौरान भी जब सरकार जनता के हित में काम कर रही थी तो विपक्ष हर बात पर उंगली उठाता था. सीएजी ने जो अनियमितताएं बताई है, उन पर सरकार काम करेगी . लेकिन राज्यों द्वारा दिए गए गलत आंकड़ों के लिए हमें जिम्मेदार नहीं होना चाहिए.’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए. आपको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से ईर्ष्या हो सकती है, लेकिन जब वह देश को संदेश देते हैं तो क्या उनका सम्मान नहीं किया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि आज लाल किले पर आयोजित समारोह में कांग्रेस का एक भी नेता शामिल नहीं हुआ. मोदी विरोध के कारण विपक्ष को अपने कर्तव्य से पीछे हटना शोभा नहीं देता।
महंगाई के बारे में क्या?
सरकार ने सोमवार को जुलाई के लिए महंगाई दर के आंकड़े जारी किए। पिछले महीने देश में खुदरा महंगाई दर 7.44 फीसदी थी, जो मई 2022 के बाद सबसे ज्यादा है. जून में यह 4.81 फीसदी थी. जुलाई में वैसे तो सभी सब्जियों में उछाल देखा गया , उसमे से टमाटर ने सबसे ज्यादा उछाल दिखाया. इस संबंध में सीतारमण ने कहा कि महंगाई के खिलाफ सरकार की लड़ाई और कठिन होने वाली है. उन्होंने कहा कि बारिश के कारण टमाटर का उत्पादन प्रभावित हुआ है.दिल्ली और आसपास के राज्यों में 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है.
उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में पीएम मोदी ने एक स्थिर सरकार और एक पारदर्शी सरकार दी है. मोदी का जनता से सीधा जुड़ाव है. मन की बात इसका उदाहरण है. जनता भी बार-बार मोदी पर भरोसा जताती है. उनकी हर योजना दलित, वंचित और शोषित वर्ग को ध्यान में रखकर बनती है। डीबीटी के कारण दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत हुई। सरकार इस पैसे को जनता के हित में खर्च कर रही है. जनता को विपक्ष के नाटक पर नहीं, मोदी पर भरोसा है.

