मेरठ में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिये उत्साहित रहे स्वास्थ्यकर्मी
जिले के सात बूथों पर किया गया कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण
मेरठ में कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण अभियान पूर्ण उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुआ। महानगर के बनाये गये टीकाकरण स्थलों पर सुबह से कोरोना संक्रमण को पराजित करने के उद्देश्य से कोरोना वैक्सीनेशन का शुभारंभ किया गया। वैक्सीन लगाने के बाद स्वास्थ्यर्मियों के स्वास्थ्य की 30 मिनट तक निगरानी भी की गयी। टीकाकरण के बाद किसी को भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने की सूचना नहीं है।

कोरोना के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की शुरुआत आज से हो गयी जब कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए आज से पूरे देश में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले चरण में पहले दिन जिले के सात बूथों पर 700 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाये जाने की योजना बनायी गयी थी। आज मेरठ में ठीक 10.43 बजे कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण का शुभारंभ किया गया। मेडिकल काॅलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री के संबोधन और रिमोट के जरिए उद्घाटन के बाद पहला टीका प्राचार्य डाॅ ज्ञानेंद्र कुमार को लगाया गया। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, कमिश्नर अनीता सी मेश्राम, डीएम के. बालाजी, मेडिकल काॅलेज प्राचार्य डाॅ ज्ञानेंद्र कुमार, अपर निदेशक स्वास्थ्य डाॅ रेणु गुप्ता, एसपी सिटी डाॅक्टर अखिलेश नारायण सिंह आदि मौजूद रहे। वैक्सीन लगाने के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रहने के बाद प्राचार्य डाॅ ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि वह स्वस्थ हैं और किसी तरह की कोई परेशानी टीके के बाद नहीं हुई। डीएम के. बालाजी ने कहा कि जिले में टीकाकरण अच्छे तरीके से चल रहा है।

कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार को टीकाकरण का मेरठ में ठीक 10.43 बजे शुभारंभ हो गया। निजी हाॅस्पिटल संतोष अस्पताल में रिटायर्ड एडी हेल्थ डाॅ अनिल कोट्स और उसके बाद उनकी पत्नी कविता रानी को टीका लगाया गया। मेरठ मेडिकल काॅलेज में पहला टीका प्राचार्य डाॅ ज्ञानेंद्र कुमार को लगाया गया। जिला अस्पताल में सीएमओ डाॅ अखिलेश मोहन, सुभारती मेडिकल काॅलेज में कुलपति ब्रिगेडियर डाॅ वीपी सिंह, जिला महिला अस्पताल में एसआईसी डाॅ मनीषा अग्रवाल, सुभारती में शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ तनुराज सिरोही, संतोष अस्पताल में रिटायर्ड एडी हेल्थ डाॅ अनिल कोट्स और उसके बाद उनकी पत्नी कविता रानी को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।

