कतर में खेले जा रहे फुटबॉल विश्व कप 2022 के पांचवें दिन के पहले मैच में स्विट्जरलैंड ने कैमरून को 1-0 से हराकर जीत से शुरुआत की वहीँ उरुगुए को दक्षिण कोरिया ने जीत दर्ज करने का मौका नहीं दिया और मुकाबला गोल रहित बराबरी पर ख़त्म हुआ.
ख़राब फिनिशिंग से नहीं पड़े गोल
स्विट्जरलैंड ने कैमरून के बीच खेले गए ग्रुप जी के इस मैच में दोनों टीमों की फिनिशिंग टच ख़राब रही क्योंकि गोल करने के कई मौके आये लेकिन वह गोल में परिवर्तित नहीं हो पाए. पूरे मैच में ज़ोरदार आक्रामक फ़ुटबाल के बावजूद सिर्फ एक गोल स्विट्ज़रलैंड की तरफ से आया जिसे बराबर करने में कैमरून की टीम नाकाम रही. अल वारकाह शहर के अल जनौब स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक मुकाबला देखने को मिला, हालाँकि मैच में कई गोल आ सकते थे लेकिन फिनिशिंग टच खराब होने की वजह से ऐसा न हो सका. पहला हाफ 0-0 की बराबरी पर रहा.दूसरे हाफ के शुरुआती 3 मिनट के अंदर ही स्विट्जरलैंड ने बढ़त ले ली. 48वें मिनट में राइट विंग पर जेहदरन शकीरी के पास गेंद आई जिन्होंने ब्रील एमबोलो को बेहतरीन पास दिया और एमबोलो ने उसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की. इसके बाद दोनों टीमों की तरफ से कोई भी गोल नहीं आया.
दो बार की चैम्पियन को साउथ कोरिया ने जीतने नहीं दिया
एजुकेशन सिटी स्टेडियम में उरुग्वे और साउथ कोरिया के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित रहा. दोनों टीमें गोल करने के बेहद करीब आईं लेकिन उसे गोल में न बदल सकीं। ग्रुप एच के पहले मैच में साउथ अमेरिका की दो बार की विश्व कप चैम्पियन उरुगुए के सामने एशियाई टीम साउथ कोरिया थी. हालाँकि उरुगुए ने 1930 और 1950 में विश्व कप जीता था लेकिन साउथ कोरिया के मुकाबले उसे मज़बूत टीम माना जा रहा था. टीम में लुइस सुआरेज, एडिनसन कवानी और डार्विन नून्येज जैसे घातक खिलाडी खेल रहे थे फिर भी टीम कोई गोल स्कोर न कर सकी. वहीं कोरियाई टीम मुख्य रूप से अपने कप्तान सॉन ह्यूंग मिन के भरोसे थी जो आंख की सर्जरी के कारण पिछले कुछ समय से मैदान से दूर थे, इसके बावजूद उसने अपने शानदार डिफेन्स का परिचय दिया और उरुगुए को कोई मौका नहीं दिया।
