Site icon Buziness Bytes Hindi

दिल्ली में महिला प्रोफेसर की हत्या, फ्लैट में मिला शव; कातिल दरवाजा बाहर से बंद कर हुआ फरार

delhi lady professor murder

दिल्ली के वसुंधरा एनक्लेव में एक महिला प्रोफेसर की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को प्रोफेसर का शव उनके फ्लैट के ड्राइंग रूम से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद कर आसानी से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई। फ्लैट के बाहर पिछले दिन का अखबार पड़ा मिला, जिससे आशंका है कि हत्या एक दिन पहले ही की जा चुकी थी।

महिला प्रोफेसर रोजाना कॉलेज जाती थीं, लेकिन पिछले दो दिनों से कॉलेज नहीं पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले वह शॉपिंग के लिए घर से निकली थीं। उनका मोबाइल फोन भी फ्लैट के अंदर ही मिला है और उसकी आखिरी लोकेशन भी घर की ही थी।

जांच में अब तक घर में लूटपाट के कोई संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी की घर में “फ्रेंडली एंट्री” हुई थी, यानी महिला आरोपी को जानती थी और उसने खुद उसे घर में आने दिया था।

परिवार के अनुसार, मौत से कुछ घंटे पहले महिला ने अपनी मां के लिए दवाइयां भेजी थीं। वहीं, कॉलेज के एक सहकर्मी ने बताया कि गुरुवार को उनका प्रमोशन इंटरव्यू था, लेकिन वह उसमें शामिल नहीं हुईं।

घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला के ड्राइवर ने रोज की तरह उन्हें कॉलेज ले जाने के लिए फोन किया। कॉल का जवाब नहीं मिलने पर उसने प्रोफेसर की बहन को जानकारी दी। इसके बाद बहन सोसाइटी पहुंचीं और मेंटेनेंस टीम की मदद से फ्लैट का ताला तुड़वाया। अंदर शव मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने बताया कि फ्लैट के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिससे जांच में चुनौती बढ़ गई है। हालांकि, पुलिस ऑनलाइन फूड और सामान की डिलीवरी करने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जिन्होंने हाल के दिनों में महिला के घर डिलीवरी की थी।

जानकारी के मुताबिक, महिला मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थीं। वह अकेले रहती थीं और उनके पति बेंगलुरु में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Exit mobile version