कोरोना टीकाकरण को लेकर बागपत में फैेल रही अफवाह
बागपत। कोरोना टीकाकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार अभियान चला रही हैं। सरकार का मानना है कि अधिक से अधिक संख्या में टीके लगवाये जायें ताकि कोरोना संक्रमण का खतरा कम हो सके। लेकिन सरकार की ओर से लोगों को जागरूक किये जाने के अनेक प्रयास करने के बावजूद लोगों में कोरोना वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति है। उत्तर प्रदेश के जिला बागपत में तो लोगों को भय है कि कोरोना वैक्सीन लगवाने से उनकी मौत हो सकती है। इसी अफवाह के कारण जिले में टीकाकरण अभियान गति नहीं पकड़ पा रहा है।
बड़ौत ब्लाॅक के गांवोें में आने वाले 44 गांव में कुल आबादी 2.11 लाख के सापेक्ष मात्र 11 प्रतिशत लोगों ने ही कोरोना वैक्सीन लगवायी है। मात्र 23461 लोगों द्वारा ही टीका लगवाये जाने का कारण इन गांवों में फैली अफवाह है। मुस्लिम बाहुल्य गांवों में लोग यह मान रहे हैं कि कोरोना वैक्सीन लगवाने से मौत हो जाती है। वहीं जनसंख्या नियंत्रण करने के लिये टीका लगवाये जाने की अफवाहें भी लोगों को वैक्सीन लगवाने से रोक रही हैं। गांवों में टीकाकरण करने के लिये आने वाली स्वास्थ विभाग की टीमों को जमकर विरोध भी किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में टीकाकरण अभियान में लगी 10 टीमों के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में 25 टीमों को लगाये जाने के बावजूद स्वास्थ विभाग को आशातीत सफलता नहीं मिल पा रही है।
इन गांवों में कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिये स्वास्थ विभाग अब धर्मगुरुओं और क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्तियों को साथ लेकर अभियान चलाने जा रहा है। इन जागरूकता कार्यक्रमोें से क्षेत्र में फैली अफवाहों को दूर करने का प्रयास किया जायेगा।

