- राकेश टिकैत ने मांगे पूरी तरह न माने जाने पर एक बार फिर किसान आंदोलन खड़ा करने की बात कही
जयपुर। केंद सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के विरोध में 13 महीने तक चले किसान आंदोलन के बाद सरकार ने विवादित कानूनों को वापस ले लिया। इसके बाद किसानों ने दिल्ली की सीमाएं खाली कर दीं और अपने घरों को लौट गए। माना गया कि किसान आंदोलन अब समाप्त हो चुका है। लेकिन भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना है कि किसान आंदोलन खत्म नहीं सिर्फ स्थगित हुआ है।
Read also: अखिलेश यादव ने दिया राकेश टिकैत को सपा में शामिल होने का न्यौता
किसान फिलहाल 4 महीने की छुट्टी पर गए हैं। जयपुर में 5वें सूरजमल अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भाग लेने के लिए पहुंचे भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान कहीं नहीं गए हैं और ना ही सरकार कहीं गई है। राकेश टिकैत ने किसान आंदोलन के लिए 13 महीने की ट्रेनिंग होने की बात कही। भाकियू नेता का कहना है कि आंदोलन स्थगित हुआ है समाप्त नहीं। 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक होगी।
Read also: अखिलेश-जयंत के साथ राकेश टिकैत की फ़ोटो वाले पोस्टर पर भड़की भाकियू
राकेश टिकैत ने साफ तौर पर कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा कोई चुनाव नहीं लड़ रहा है और ना ही किसी राजनीतिक दल को समर्थन दे रहा है। जाहिर है राकेश टिकैत का इशारा पंजाब में 25 किसान संगठनों द्वारा मिलकर बनाए गए संयुक्त समाज मोर्चा की ओर था जिसने पंजाब विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से साफ तौर पर संयुक्त समाज मोर्चा से किसी भी प्रकार का संबंध होने से इंकार कर दिया गया है। उन्हें संयुक्त किसान मोर्चा के नाम मंच या बैनर का इस्तेमाल करने से भी चेता दिया गया है।

