Site icon Buziness Bytes Hindi

14 महीने तक चले संघर्ष के बाद किसान आंदोलन समाप्त, घर लौटेंगे प्रदर्शनकारी


14 महीने तक चले संघर्ष के बाद किसान आंदोलन समाप्त, घर लौटेंगे प्रदर्शनकारी

नई दिल्ली। आज दोपहर संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की गई है। 11 दिसंबर से सिंघु बाॅर्डर, गाजीपुर बाॅर्डर समेत तमाम जगहों से किसान बाॅर्डर से घर वापसी शुरू कर देंगे। 13 दिसंबर को किसान अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में अरदास करेंग।े 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की एक बार फिर दिल्ली में बैठक होगी और किसान आंदोलन से मिले परिणामों पर मंथन किया जाएगा। सकारात्मक परिणाम न मिलने पर किसान आंदोलन फिर से शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है।

Read also: संयुक्त किसान मोर्चा की आज महत्वपूर्ण बैठकें, अंतिम रोड मैप होगा तैयार

आज संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि बलवीर सिंह राजेवाल ने पत्रकारों को किसान आंदोलन की समाप्ति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज किसान संगठनों के 200 से ज्यादा प्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह फैसला लिया गया है। 11 दिसंबर से किसान बाॅर्डर से घर वापसी शुरू कर देंगे। वहीं पंजाब में चल रहे सभी मोर्चे 15 दिसंबर को समाप्त कर दिये जाएंगे। राजेवाल ने कहा की 15 जनवरी को किसान संगठनों की समीक्षा बैठक होगी जिस पर सरकार द्वारा मांगों पर की गई कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

किसान नेता गुरनाम सिंह चन्नी ने कहा कि आंदोलन समाप्त हो जाने के बाद भी हम सरकार द्वारा मांगों को पूरा किये जाने की समीक्षा करते रहेंगे। यदि सरकार ने अपने किए वादे पूरे नहीं किए तो किसान आंदोलन फिर से शुरू किया जा सकता है। किसान नेता शिवकुमार कक्का ने किसान आंदोलन के चलते परेशानी उठाने वाले देशवासियों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्रालय के सचिव संजय अग्रवाल द्वारा भेजे गए पत्र में हमारी अधिकतर मांगों पर विचार करने की बात की गई है। वहीं किसानों पर दर्ज अन्य मांगों को लेकर 15 जनवरी तक का समय दिया गया है। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों को लाकर देशभर के किसानों को संगठित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया।

Read also: योगेन्द्र यादव को संयुक्त किसान मोर्चा ने किया सस्पेंड

वहीं किसान आंदोलन की समाप्ति की घोषणा होते ही सिंघु बाॅर्डर, गाजीपुर बाॅर्डर समेत तमाम जगहों पर धरना दिये बैठे किसानों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है। टेंट और लंगर आदि का सामान किसानों ने गाड़ियों में लादना शुरू कर दिया है। आंदोलन से मिली जीत से उत्साहित किसानों के चेहरे खुशी से खिले हुए हैं और घर वापसी कर परिवार से मिलने के लिये वह उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

Exit mobile version