Site icon Buziness Bytes Hindi

करोड़ों की नकली शराब बरामद, सात आरोपी गिरफ्तार

टैंकरों से ईएनए चोरी से निकालकर अपमिश्रित शराब तैयार कर रहे थे

मेरठ। अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रही मेरठ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में करोड़ों की नकली शराब बरामद की है। कंकरखेड़ा और कोतवाली पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तीन आरोपी मौके से फरार हो गये। पुलिस ने मौके से दो केमिकल के टैंकर, भारी मात्रा में यूरिया, बोतलें और उनके ढक्कन, दिलदार ब्रांड के 600 रैपर बरामद किये हैं। एसएसपी ने मेरठ पुलिस की टीम को दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी अजय साहनी ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। एसएसपी के अनुसार मेरठ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जनपद में हाईवे स्थित कुछ ढाबों पर ईएनए के भरे हुए टैंकरों में से चोरी से ईएनए निकाला जाता है तथा उसको अपमिश्रित करके नकली शराब बनाई जाती है। मेरठ एवं थाना कंकरखेड़ा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिये गये। गठित टीम को सूचना मिली कि पंजाब से आये ईएनए से भरे हुए टैंकर अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचे तथा ड्राइवरों द्वारा उन्हे कहीं छुपा दिया गया है। जांच करने पर उक्त दोनों टैंकर सरधना रोड पर बैंक काॅलोनी में सुनसान स्थान पर खड़े मिले। टैंकरों में से कुछ व्यक्ति ईएनए चोरी से निकालकर अपमिश्रित शराब तैयार कर रहे थे। स्वाॅट मेरठ एवं कंकरखेड़ा पुलिस द्वारा मौके पर 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया व 03 व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहे। संयुक्त टीम ने दो टैंकर जिनमें लगभग 60000 लीटर ईएनए एवं 14 कैन ईएनए से भरी हुई एवं 21 बोतल 2 लीटर वाली, 850 पाॅलीथिन 250 एमएल वाली व 2 पेटी तैयार अपमिश्रित शराब दिलदार ब्रांड सिंभावली डिस्टलरी एवं 600 रैपर दिलदार ब्रांड ढक्कन खाली बोतल बरामद की है।

टैंकर ड्राईवरों के हाथ में दे दी जाती थी डिस्टलरी की सील
गिरफ्तार अभियुक्त जाहिद, विक्रम, राकेश सिंह, कपिल, दीपक, नौशाद, बबलू ने बताया कि टैंकर ड्राईवर पंजाब डिस्टलरी के कर्मचारियों की मिलीभगत से अधिक मात्रा में टैंकर में ईएनऐ भरकर लाते थे। डिस्टलरी कर्मचारियों द्वारा सील नहीं लगाई जाती थी बल्कि टैंकर ड्राईवरों के हाथ में दे दी जाती थी। जिससे टैंकर ड्राईवरों द्वारा बडी आसानी से ईएनए बाहर होटल/ढाबों पर बेच दिया जाता था और बाद में सील लगा दी जाती थी। गिरफ्तार अभियुक्तगण से विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा बरामद टैंकर मधु ट्रांसपोर्ट कंपनी के हैं और यह टैंकर ईबीडीएल बनूर पंजाब एवं किडी नंगल कम्पनी गुरदासपुर एवं पायोनियर कम्पनी पठानकोट कंपनी से ईएनए भरकर लाते हैं। इस संबंध में ट्रांसपोर्ट कंपनी एवं ईएनए कंपनियो की संल्पित्ता के विषय में विस्तृत जांच की जा रही है।

Exit mobile version