उदयपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी का नव संकल्प राष्ट्रीय चिंतन शिविर लेक सिटी उदयपुर में आज कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के उद्धाटन भाषण के बाद शुरू हो चुका है। चिंतर शिविर में आज पहले दिन कई दौर की बैठकें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में हुई। लेकिन इस ‘नव संकल्प’ राष्ट्रीय चिंतन शिविर में भी कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आई। ‘नव संकल्प’ राष्ट्रीय चिंतन शिविर में लगे सचिन पायलट के पोस्टर गायब कर दिए गए। जिससे सचिन पायलट के समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश है। इससे यह बात साफ हो जाती है कि कांग्रेस इस तीन दिवसीय ‘नव संकल्प’ राष्ट्रीय चिंतन शिविर में भले ही नेताओं-कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने की कोशिश करे लेकिन पार्टी की अंदरूनी कलह खत्म होने का नाम नहीं लेगी।
हालांकि पार्टी की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने उदघोषण भाषण के दौरान यह कहा था कि चिंतन शिविर के भीतर कोई भी अपनी बात रख सकता है। लेकिन इसकी बातें बाहर नहीं जानी चाहिए। बाहर पार्टी के भीतर एकता और आपसी तालमेल से संबंधित चीजे ही जाए। लेकिन उसके बाद भी कांग्रेसियों ने अपने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के इस निवेदन को ताक पर रख दिया। उदयपुर में आयोजित कांग्रेस के इस ‘नव संकल्प’ राष्ट्रीय चिंतन शिविर में में प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगवानी की थी। जिसके पोस्टर चिंतन शिविर के आसपास लगाए गए थे। लेकिन पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के इन पोस्टर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ही हटा दिए। जबकि ‘नव संकल्प’ राष्ट्रीय चिंतन शिविर में हिस्सा लेने पहुंचे छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,जयराम रमेश और कई वरिष्ठ नेता के पोस्टर लगे हुए हैं। कांग्रेस के ये वरिष्ठ नेता चिंतन शिविर में भाग लेने के लिए उदयपुर पहुंचे हैं।
Also Read : Gujarat Chunavi Dangal : हार्दिक को है राहुल के फोन काल का इंतज़ार
बता दें कि उदयपुर में हो रहे इस चिंतन शिविर में पहुंचे राहुल गांधी 15 मई को यानी समापन के दिन संबोधित करेंगे। कांग्रेस का चिंतन शिविर ताज अरावली रिजॉर्ट में आयोजित हो रहा है। तीन दिवसीय चिंतन शिविर की शुरुआत आज शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संबोधन के साथ हुई। इसके बाद अब इस चिंतन शिविर में छह अलग अलग समूहों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे और उसमें पार्टी के बारे में चर्चा करेंगे। इसके बाद निकले निष्कर्ष को ‘नवसंकल्प’ के रूप में कांग्रेस कार्य समिति आगामी 15 मई को चिंतन शिविर के आखिरी दिन अपनी मंजूरी देगी।
