फाइव स्टार होटल की तरह बना मकान, वीआईपी कमरे
आलीशान जिंदगी जीने का शौकीन रहा है बदन सिंह बद्दो
सुनील शर्मा
मेरठ। जयराम की दुनिया में अपने स्टाइलिश रहन-सहन को लेकर भी बदन सिंह बद्दो चर्चाओं मेें रहता था। आज उसके मकान की कुर्की हुई तो उसकी शानदार कोठी के इंटिरियर को देख कर पुलिस और मीडिया भी अचंभित रह गयी। किसी फाइव स्टार होटल की तर्ज पर डिजाइन किये गये मकान में लकड़ी की खास कारीगरी का प्रयोग किया गया था। पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई में लगभग नौ ट्रक भरकर सामान बरामद किया है।
मेरठ का नामी बदमाश बदन सिंह बद्दो डेढ़ साल पहले फतेहगढ़ जेल में बंद था। गाजियाबाद में पेशी पर आया बदन सिंह बद्दो पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। पुलिस ने उस पर ढाई लाख का इनाम घोषित किया था। वहीें बद्दो की फरारी मेें साथ देने वाले कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कोर्ट के आदेश पर आज मेरठ पुलिस ने बदन सिंह बद्दो के टीपी नगर क्षेत्र के बेरीपुरा में बने मकान की कुर्की की कार्रवाई की।
कुर्की के लिये पहुंचे पुलिस अधिकारी और मीडिया कर्मी भी आलीशान तीन मंजिला मकान की शान-ओ-शौकत को देखकर हैरान थे। घर के हर कमरे में एसी से लेकर टाइल तक लगी हुई थी तो दीवारों पर भी लकड़ी की शानदार कारीगरी की गयी थी। गुफाओं की तरह बने घर के दरवाजों से अंदर जाने पर शानदार बेड पर मखमली गद्दे और चादर मिले। वहीं हर कमरे में लकड़ी की शानदार कारीगरी वाली अलमारी देखने को मिली। वीआईपी किचन, मकान पर फूलों की सजावट, पीछे की ओर एक मैदान, विशेष कारीगरी से बनी मकान की खिड़कियां मकान की रौनक में इजाफा कर रहीं थीं।
भूतहा खंडहर बन गया आलीशान मकान
हालांकि कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीवारों पर लगी लकड़ी के फ्रेम, खिड़कियां और दरवाजे तक उखाड़ लिये। एसी-टीवी, फ्रिज से लेकर घरेलू उपयोग में आने वाला सामान तक पुलिस ने कब्जे में ले लिया। नौ ट्रक भरकर सामान निकाले जाने के बाद मकान किसी भूतहा खंडहर सा लग रहा था। जिस घर में आने की हिम्मत तक नहीं होती थी आज वही मकान पुलिस के बूटों की आवाज से गूंज रहा था। घर के बाहर जमा लोग भी घर में झांकने का प्रयास कर रहे थे। कौतहूल भरी निगाहें घर से निकलने वाले आलीशान सामान को देखकर हैरत से भर जाती थीं।
मकान का निर्माण अवैध कब्जा कर किये जाने का अंदेशा
मीडिया से बात करते हुए एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि बदन सिंह बद्दो की फरारी के बाद पुलिस ने उसके कई सहयोगियों को जेल भेजा था। फरारी का मुकदमा कायम करने के बाद पुलिस ने कोर्ट से 82 और 83 के तहत बद्दो के घर की कुर्की का आदेश लेकर कार्रवाई की है। मकान को देखकर लगता है कि कुछ निर्माण अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर किया गया है। इस संबंध में एमडीए और नगर निगम से वार्ता की जा रही है। विवेचना में कई बातें सामने आयीं हैं जिनपर कार्रवाई की जायेगी।
एसएसपी ने बताया कि उक्त मकान को सन 2003 में बदन सिंह बद्दो ने अपने नाम खरीदा था। मकान का पूर्व मालिक ने बद्दो की फरारी में साथ दिया था जिसपर पुलिस ने उसे जेल भेजा था। सोशल साइट पर दर्शाई जा रही बद्दो की लोकेशन को लेकर एसएसपी ने कहा कि उक्त मामले में पुलिस की साइबर सेल जांच कर रही है।

