Site icon Buziness Bytes Hindi

पलक झपकते ही फ्लाईओवर से गिरा ट्रक


पलक झपकते ही फ्लाईओवर से गिरा ट्रक

मेरठ । टीपी नगर थाना क्षेत्र में रविवार को तड़के ट्रैक्टर – ट्रॉली और ट्रक की जबरदस्त भिड़त हो गई । हादसे में ट्रैक्टर – ट्रॉली और ट्रक के चालक सहित तीन व्यक्ति घायल हो गए । वहीं , ट्रक मलियाना फ्लाईओवर से नीचे गिर गया । गनीमत रही कि हादसा सुबह के समय हुआ अन्यथा कई लोगों की जान पर बन आती । जानकारी के मुताबिक पंजाब के सिवानी मंडी पटियाला का निवासी पप्पू शनिवार को बबली ट्रांसपोर्ट से सूत से भरा ट्रक लेकर मेरठ के परतापुर के लिए रवाना हुआ थी ।

रविवार की सुबह लगभग पांच बजे पप्पू ट्रक लेकर मलियाना फ्लाईओवर से गुजर रहा था । इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार खाली ट्रैक्टर – ट्रॉली ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में जहां ट्रैक्टर – ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए । वहीं , ट्रक भी अनियंत्रित होकर मलियाना फ्लाईओवर से नीचे गिर गया । घटना के चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया । उधर , हादसे में ट्रैक्टर – ट्रॉली चालक शेखपुरा निवासी रामनाथ और उसके साथी टीले सहित ट्रक का चालक पप्पू भी गंभीर रूप से घायल हो गया । मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को केएमसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया । उधर , फ्लाईओवर से ट्रक नीचे गिरने के चलते क्षेत्रवासियों में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा । बताया जाता है ट्रैक्टर ट्रॉली चालक बागपत रोड स्थित एक भट्टे से ईंट लेने जा रहा था और नींद में पलक झपकने के चलते यह हादसा हुआ है।

Exit mobile version