Site icon Buziness Bytes Hindi

फिर सुर्ख़ियों में EVM, राहुल ने बताया ऐसा “ब्लैक बॉक्स” जिसे चेक नहीं किया जा सकता

rahul

लोकसभा चुनाव ख़त्म हो गया और उसके साथ ही EVM पर हो रही चर्चाओं पर विराम लग गया लेकिन आज अचानक चुनाव आयोग वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन फिर चर्चाओं में आ गयी. दरअसल संडे मिडडे में छपी एक खबर और सोशल प्लेटफार्म ट्विटर यानि एक्स के मालिक एलन मस्क के EVM पर एक पोस्ट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने एकबार फिर EVM को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

राहुल गांधी ने संडे मिडडे अखबार की एक खबर और बिजनेसमैन एलन मस्क की एक एक्स-पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए भारत में ईवीएम को ‘ब्लैक बॉक्स’ बताया है, जिसकी जांच करने की इजाजत नहीं है। राहुल ने आगे लिखा कि हमारी चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंताएं जताई जा रही हैं। जब संस्थाओं में जवाबदेही की कमी होती है, तो लोकतंत्र दिखावा बन जाता है और धोखाधड़ी की संभावना बढ़ जाती है।’

मुंबई की जिस घटना का जिक्र राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में किया है, उस मामले में मुंबई पुलिस ने शिवसेना शिंदे गुट के सांसद रवींद्र वायकर के साले मंगेश पंडिलकर के खिलाफ ईवीएम को लेकर मामला दर्ज किया है। मंगेश पंडिलकर पर मुंबई के गोरेगांव चुनाव केंद्र के अंदर प्रतिबंध के बावजूद मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने का आरोप है। इसके अलावा पुलिस ने पंडिलकर को मोबाइल फोन देने के आरोप में चुनाव आयोग के एक कर्मचारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस को उत्तर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ रहे कई उम्मीदवारों और चुनाव आयोग की ओर से शिकायतें मिली थीं, जिसके आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है। आपको बता दें कि रवींद्र वायकर ने उत्तर पश्चिम सीट से पुनर्मतगणना में महज 48 वोटों से चुनाव जीता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में जीत का यह सबसे छोटा अंतर है।

वहीं, एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम से न कराने की सलाह दी है क्योंकि एआई तकनीक से इनके हैक होने का खतरा है। मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को खत्म कर देना चाहिए। इसके इंसानों या एआई द्वारा हैक होने का खतरा है। एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर की पोस्ट को शेयर करते हुए यह बात कही। रॉबर्ट एफ कैनेडी ने अपनी पोस्ट की शुरुआत में प्यूर्टो रिको में चुनाव के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी के बारे में लिखा था।

Exit mobile version