Site icon Buziness Bytes Hindi

T10 लीग में एविन लुईस ने एक ओवर में लगाये 5 छक्के


T10 लीग में एविन लुईस ने एक ओवर में लगाये 5 छक्के

नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच फटाफट क्रिकेट की मैदान पर वापसी हुई है। इस बीच अबुधाबी के मैदान पर टी10 लीग (Abu Dhabi T10 League) के चौथे सीजन की शुरुआत हुई है, जहां पर कैरिबियाई बल्लेबाजों के विस्फोटक बैटिंग की धमक एक बार फिर नजर आ रही है। अबु धाबी में जारी टी10 लीग में शुक्रवार को दिल्ली बुल्स और मराठा अरेबियंस की टीम के बीच भिड़ंत हुई जिसमें दिल्ली बुल्स की ओर से खेलते हुए एविन लुईस ने विस्फोटक पारी खेलते हुए 55 रनों की पारी खेली जिसमें से 50 रन सिर्फ 9 गेंदों में आये।

एविन लुईस (Evin Lewis) ने अपनी ताबड़तोड़ पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाते हुए महज 16 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली और दिल्ली बुल्स को जीत दिलाई। इतना ही नहीं एविन लुईस (Evin Lewis) ने मराठा अरेबियंस के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए एक ओवर में 5 छक्के लगाने का काम किया और एक गेंद मिस हो जाने की वजह से वह 6 गेंद में छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने से चूक गये।

शुक्रवार को खेले गये इस मैच में मराठा अरेबियंस की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 87 रन बनाये जिसमें कप्तान मोसाद्देक हुसैन ने 35 रनों का योगदान दिया। वहीं एविन लुइस की शानदार बल्लेबाजी के चलते यह स्कोर दिल्ली बुल्स के लिये काफी छोटा साबित हुआ और उसने 10 ओवर के मैच में इसे महज 5 ओवर में ही हासिल कर लिया।

एविन लुईस (Evin Lewis) ने पांचवे ओवर में बैटिंग का गियर बदला और मुख्तार अंसारी के इस ओवर में पहली 2 गेंदों पर लगातार 2 छक्के लगाये, हालांकि तीसरी गेंद पर वह छक्का लगाने से चूक पर 2 रन लेने में कामयाब रहे। वहीं लुईस (Evin Lewis) ने अगली 3 गेंदों में लगातार 3 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक तो पूरा किया ही साथ ही में टीम को इसी ओवर में जीत भी दिला दी।

Exit mobile version