Zeba Hasan
भगवान श्री राम के हाथों रावण वध, भरत मिलाप, जानकी का ब्याह, राम को बनवास या फिर सीता हरण गावों से लेकर कस्बों और शहरों में मंचित होने वाली रामलीलाओं का इतिहास बहुत ही पुराना है। लेकिन पिछले दो साल में आयोध्या की रामलीला ने नए आयाम स्थापित कर लिए हैं। बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाने वाली रामलीला को अब दर्शक घर बैठे टीवी पर भी देख रहे हैं। इस रामलीला की खास बात है इसमें काम करने वाले कलाकार, जो फिल्म और टीवी के जाने माने अदाकार हैं। अयोध्या की रामलीला का तीसरा संस्करण 25 सितम्बर से 5 अक्टूबर को अयोध्या में होने जा रहा हैं, जिसका प्रसारण दूरदर्शन पर जाएगा। अपने दौर के प्रसिद्ध अभिनेता दारा सिंह के बेटे विंदु दारा सिंह करीब 15 बार अलग शोज और फिल्मों में हनुमान जी का किरदार निभा चुके हैं। अयोध्या की रामलीला में भी वह हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। अपने परिवार के संग हनुमान जी के खास रिश्ते को विंदु ने हमारे साथ साझा किया।
हमारे परिवार पर हनुमान जी की कृपा है
अपने बचपन के एक किस्से को हमसे शेयर करते हुए फिल्म टीवी ऐक्टर विंदु दारा सिंह ने बताया, जब मेरी उम्र दस साल की थी तब मैंने पहली बार डैडी जी (दारा सिंह)से जिद की थी कि मुझे आपको हनुमान जी बनते हुए देखना है। वह बोले कि अगर देखना है तो सुबह जल्दी उठना होगा। हम जल्दी सो गए सुबह छह बजे डैडी जी ने हमें उठा दिया और हम उनके साथ फिल्म के सेट पर पहुंच गए। तीन घंटे के उनके मेकअप में लगे थे और हनुमान जी के गेटअप में आने के बाद वह शाम तक वह स्ट्रॉ से सिर्फ नारियल पानी ही पी रहे थे। लेकिन जब वह फिल्म रिलीज हुई तो हर तरफ हनुमान जी के चर्चे हो रहे थे। 1974 में आई जय बजरंगबली फिल्म सुपर डुपर हिट हुई थी।
Read also: छोटे रोल करते करते बन गया वेटेरन कलाकार – Brijendra Kala

लंबा और पेनफुल था वह मेकअप
मैं इसे अपने परिवार पर हनुमान जी की कृपा मानता हूं कि पिता जी के वक्त से शुरू हुआ यह सफर आज भी जारी है। जब डैडी जी की फिल्म जयबजरंग बली आई थी उसके बाद लोग उनके चेहरे में ही हनुमान जी को देखते थे। रामानंद सागर जी जब रामायण बनाने खड़े हुए तो उन्होंने भी डैडी जी को हनुमान जी के रोल के लिए बोला। फिर महाभारत में। डैडी जी करीब 4 बार हुनमान जी का यादगार रोल निभाया। उसके बाद यह मौका मुझे मिला। मैं तो करीब 15 बार इस किरदार को निभा चुका हूं। जहां तक बदलाव का सवाल है तो मेकअप के अंदाज में फर्क हुआ है। जिस वक्त डैडी जी का मेकअप मैंने देखा था मैं तो हैरान रह गया था। पूरे चेहरे पर टेप लगाए गए थे। वह काफी पेनफुल और टाइम टेकन मेकअप होता था। जब तक शूटिंग चली थी डैडी जी सिर्फ नारियल पानी ही पीते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं है। रामायण के टाइम से बदलाव शुरू हो गया था। इस बार अयोध्या की रामलीला काफी खास होने वाली है। कोरोना की वजह से दो साल लोग इसे वर्चुअली देख रहे थे। लेकिन इस बार भग्तों को रामलीला लाइव भी देखने को मिलेगी। इस बार की रामलीला वाकई यादगार रहेगी।
मंच पर होंगी कई फिल्मी हस्तियां
रामलीला के कमिटी अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि इस बार राम जी भक्तों को ग्राउंड में बैठ कर रामलीला देखने का अवसर मिलेगा। इस बार अयोध्या की रामलीला देखने के लिए कई स्टेट के मुखयमंत्री और गवर्नर को आमंत्रित किया जायेगा। अयोध्या की रामलीला में परशुराम की भूमिका भोजपुरी के सुपर स्टार, सांसद मनोज तिवारी निभा रहे है , और भगवान श्री राम की भूमिका में राहुल भूचर नजर आयेंगे। वहीं रावण की भूमिका में शाहबाज खान, हनुमान की भूमिका में बिंदु दारा सिंह, राकेश बेदी विभीषण की भूमिका में और कैकेयी की भूमिका उपासना सिंह निभा रही हैं। इनके अलावा कई फिल्मी हस्तियां अयोध्या की रामलीला में मंच पर एक्टिंग करती नजर आएंगी।

