Site icon Buziness Bytes Hindi

इंग्लैंड के जैक लीच भी टेस्ट श्रंखला से बाहर

jack leach

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्पिनर जैक लीच भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस संबंध में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में जैक लीच के घुटने में चोट लग गई थी, इंग्लैंड उनका रिप्लेसमेंट नहीं मांगेगा. तीसरे टेस्ट से पहले ब्रेक के दौरान इंग्लिश क्रिकेट टीम फिलहाल अबू धाबी में है, जैक लीच अबू धाबी से वापस इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेंगे। इंग्लैंड और भारत के बीच तीसरा टेस्ट गुरुवार से राजकोट में शुरू होगा.

ईसीबी ने अपने बयान में बताया कि लीच अब इंग्लैंड और समरसेट की मेडिकल टीम के साथ रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजरेंगे। इंग्लैंड के द्वारा अभी जैक लीच के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है। टीम के पास इस समय शोएब बशीर, रेहान अहमद और टॉम हार्टली के रूप में तीन स्पिनर मौजूद हैं और जो रूट चौथे स्पिनर की भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद जैक लीच की कमी इंग्लैंड को खल सकती है क्योंकि उनके पास काफी अनुभव है, हालाँकि लीच ने हैदराबाद टेस्ट में सिर्फ दो ही विकेट लिए थे। लीच ने 2018 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था, वो अबतक 126 टेस्ट विकेट हासिल कर चुके हैं।

हैदराबाद टेस्ट में इंग्लैंड ने जीत दर्ज करते हुए 1-0 की बढ़त बना ली थी लेकिन वाइजैग टेस्ट में भारत ने वापसी की और श्रंखला 1-1 की बराबरी कर ली। इंग्लैंड की तरफ से अगर जैक लीच बाहर हुए हैं तो भारत की तरफ से भी विराट कोहली और श्रेयस अय्यर विभिन्न कारणों से शेष श्रंखला के लिए बाहर हो चुके हैं. विराट ने पहले दो टेस्ट भी नहीं खेले थे. इसके अलावा के एल राहुल और रविंद्र जडेजा टीम में भले ही वापस आ गए हैं लेकिन उनकी फिटनेस भी अभी सवालों के घेरे में है. सीरीज का अगला मुकाबला 15 फरवरी से राजकोट में खेला जायेगा. चौथा टेस्ट मैच 23 फरवरी से रांची और पांचवां 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा।

Exit mobile version