महाराष्ट्र की राजनीती में अब एक नया ट्विस्ट आया है, कुछ देर पहले तक यह खबर थी कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं लेकिन अभी मिल रही जानकारी के अनुसार राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करने वाले फडणवीस ने एलान किया है कि महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे. एकनाथ शिंदे आज ही शपथ लेंगे, वहीँ फडणवीस ने कहा कि वह सरकार से बाहर रहेंगे। एकनाथ शिंदे आज शाम साढ़े सात बजे अकेले ही शपथ लेंगे.
Read also: फडणवीस ने महाराष्ट्र में गुजरात जासूसी मॉडल लागू किया : कांग्रेस (लीड-1)
इस दौरान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह एकनाथ शिंदे का साथ देंगे, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महाविकास अघाड़ी सरकार और उद्धव ठाकरे पर जमकर हमला बोलते उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव के पहले से हमारा और शिवसेना का गठबंधन था. सरकार बनाने के लिए शिवसेना ने NCP कांग्रेस से गठबंधन करके बीजेपी को अलग कर दिया. उस समय सरकार नहीं बनी थी बल्कि बहुमत का अपमान हुआ था. MVA सरकार ने जनादेश का अपमान किया था. फडणवीस ने कहा कि ढाई साल की सरकार में MVA के दो मंत्री जेल चले गए. उन्होंने कहा कि MVA के कई ऐसे नेता जिनके संबंध दाउद तक से थे. MVA की सरकार में रोज हिन्दुत्व का अपमान होता था.
फडणवीस ने कहा कि बालासाहेब ने सदैव ही दाउद इब्राहिम का विरोध किया लेकिन उद्धव ठाकरे ने सरकार के लिए समझौता किया और जेल जाने के बाद भी उसे मंत्री पद से नहीं हटाया गया. फडणवीस ने कहा कि ये बालासाहेब का अपमान है. उन्होंने कहा कि जब सरकार जाने लगी तब औरंगाबाद का नाम संभाजीनगर किया गया.
Read also: Maharashtra Crisis Live: महाराष्ट्र के राजनीतिक भूचाल में कोरोना की इंट्री
बता दें कि बाग़ी विधायक इस समय गोवा में है, सिर्फ एकनाथ शिंदे मुंबई पहुंचे हैं. पत्रकार वार्ता में एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम महाराष्ट्र के विकास के लिए भाजपा के साथ आए हैं क्योंकि हम दोनों नैसर्गिक रूप से सहयोगी हैं, पिछले ढाई वर्षों से तो बेमेल का गठबंधन चल रहा था जो महाराष्ट्र के लोगों द्वारा दिए गए जनमत का अपमान था. शिंदे ने कहा कि हम लोगों को MVA सरकार में काम करने में समस्याएं आ रही थीं. उन्होंने कहा कि इस बारे में हमने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को कई बार बताया था. हमने उनको कई बार यह समझाने का प्रयास किया था कि एनसीपी और कांग्रेस का साथ बेमेल है, बीजेपी से हमारा नेचुरल अलायन्स था.

