Site icon Buziness Bytes Hindi

एक और माफिया का मकान किया जमींदोज


एक और माफिया का मकान किया जमींदोज

पीडीए ने हिस्ट्रीशीटर गणेश यादव की हवेलीनुमा इमारत को तोड़ा
माफियाओं के अवैध निर्माणों की जानकारी की जा रही है हासिल

प्रयागराज । प्रयागराज में माफियाओं के खिलाफ योगी सरकार का ऑपरेशन क्लीन जारी है। पूर्व में बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद, उनके भाई पूर्व विधायक अशरफ के साथ ही ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र, औद्योगिक क्षेत्र में पूर्व ब्लाक प्रमुख चाका दिलीप मिश्र, जाबिर, अब्बास, जैद समेत कई लोगों के बिना नक्सा पास कराए निर्मित मकानों, लाॅज, मार्केट को ढहाये जाने के बाद आज एक और हिस्ट्रीशीटर गणेश यादव की हवेलीनुमा इमारत पर योगी सरकार की जेसीबी ने अपना शिकंजा कसते हुए धवस्तीकरण किया।

योगी सरकार में माफियाओं पर की जा रही कार्रवाई से जहां माफियाओं में दहशत का माहौल है वहीं प्रदेश की जनता राहत की सांस ले रही है। बताया जा रहा है कि पीडीए और प्रशासन द्वारा अभी कई और लोगों के अवैध निर्माण तोडे़ जाने की तैयारी की जा रही है।

हिस्ट्रीशीटर गणेश यादव पर 10 संगीन आपराधिक मुकदमे हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने कुछ दिनों पहले झूंसी के हवेलिया में पंद्रह सौ वर्ग गज में बने उसके मकान को अवैध घोषित कर नोटिस भेजा था। आज दोपहर प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम आलोक पांडेय, सत शुक्ला और शिवानी सिंह की अगुवाई में बिना नक्शा पास कराए बनाये गये दो मंजिला मकान को ध्वस्त करने के लिये जेसीबी लेकर पहुंची।

गणेश के परिवार खासकर पत्नी ने पीडीए की टीम का जबरदस्त विरोध, हाथापाई-खींचतान की मगर भारी पुलिसबल के आगे उनकी एक न चली। पीडीए अधिकारियों ने परिवार को सामान निकालने के लिये एक घंटे की मोहलत दी। इसके बाद पीडीए के जेसीबी ने ध्वस्तीकरण करना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण और प्रशासन की टीम अभी और भी माफियाओं के खिलाफ कड़े कदम उठाने जा रही है। माफियाओं के अवैध निर्माणों की जानकारी हासिल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार माफियाओं के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान जारी रहेगा और अभी और ध्वस्तीकरण किये जायेंगे।

Exit mobile version