नई दिल्ली। ईडी ने बाहुबली और बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कस दिया है। ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय ने आज माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। प्रवर्तन निदेशालय ने बाहुबली मुख्तार अंसारी के नई दिल्ली से लेकर उप के गाजीपुर स्थित मुहम्मदाबाद घर पर छापेमारी की। इतना ही नहीं, मुख्तार अंसारी के पैतृक आवास के साथ उसके कई करीबियों के यहां ईडी ने एक साथ छापेमारी की। इसके अलावा ईडी ने मुख्तार के भाई गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी के ठिकानों पर भी छापेमारी की है।
बताया जा रहा है कि ईडी टीम आज सुबह मुहम्मदाबाद स्थित मुख्तार अंसारी के पैतृक आवास पर पहुंची और छापेमारी शुरू की। माफिया मुख्तार अंसारी के करीबियों गणेश मिश्रा,विक्रम अग्रहरी के ठिकानों पर भी छापेमारी हो रही है। इसी के साथ ईडी टीम ने खान बस सर्विस के मालिक के ठिकानों पर छापा मारा। ईडी के इस एक्शन से दिल्ली से लेकर गाजीपुर तक हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें तो दिल्ली और उप्र में बाहुबली मुख्तार अंसारी और उसके करीबियों से जुड़े करीब 11 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी अभी जारी है। मुख्तार अंसारी के परिवार के सदस्यों, सीए और करीबी सहयोगियों के यहां भी छापेमारी की गई है। छापेमारी की ये कार्रवाई नई दिल्ली, लखनऊ और गाजीपुर सहित कई ठिकानों पर एक साथ की गई है।
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी और उसके गिरोह के सदस्यों द्वारा संचालित भूमि हथियाने और अवैध व्यापार से संबंधित कई मामलों के आधार पर गत एक जुलाई 2021 को धन शोधन निवारण अधिनियम यानी मनी लॉन्ड्रिंग का मुकदमा दर्ज किया था। बता दें कि मुख्तार अंसारी बांदा जेल में बंद है। उस पर कड़ी निगरानी की जा रही है। बताया जाता है कि मुख्तार अंसारी जेल में अपनी हत्या की आशंका जता चुका है।
