अवैध खनन मामले में ईडी की कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मिर्जापुर थाना क्षेत्र में स्थित Glocal University को जब्त कर लिया गया है. 121 एकड़ में बनी इस यूनिवर्सिटी की कीमत 4440 करोड़ रुपये बताई जा रही है. अब्दुल वाहिद एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर चल रही इस युनिवेर्सिटी का नियंत्रण और प्रबंधन पूर्व बसपा एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल और उनकी फैमिली के पास है.
आपको बता दें कि पूर्व एमएलसी मोहम्मद इकबाल उर्फ हाजी इकबाल पर चल रहे खनन मामलों में मोहम्मद इकबाल फरार है और उसके दो बेटे जेल में हैं. बताया जा रहा है कि मोहम्मद इकबाल किसी अरब देश में है. प्रवर्तन निदेशालय ने हाजी मोहम्मद इकबाल की जमीन और मकान को पहले ही जब्त कर लिया है और लगातार कार्रवाई भी चल रही है. जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के मुताबिक मुख्यमंत्री ने सख्त आदेश दिए हैं कि जो भी आपराधिक किस्म के लोग हैं या जिन्होंने गुंडागर्दी करके किसी भी तरह की संपत्ति अर्जित की है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए.
जिलाधिकारी ने बताया कि हाजी इकबाल पर दर्ज पुराने गैंगस्टर के मामलों या अन्य मामलों की रिपोर्ट संबंधित न्यायालय को भेज दी गई है। उसमें 506 करोड़ रुपये की संपत्ति न्यायालय को भेज दी गई है, एक-दो मामले और हैं, उनकी सुनवाई हो रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि ईडी द्वारा जिला स्तर, पुलिस स्तर, स्टेट डिपार्टमेंट से मांगे गए संबंधित अभिलेख समय पर पहुंचा दिए गए हैं, जिसके आधार पर ईडी ने कार्रवाई की है। छात्रों के लिए जो भी निर्देश मिलेंगे, उनका पालन कराया जाएगा। छात्रों को किसी भी तरह से परेशान होने की जरूरत नहीं है। संपत्ति को ईडी ने जब्त कर लिया है, आगे जो भी कार्रवाई होगी, वह ईडी के संज्ञान में लाने के बाद ही की जाएगी।
