Site icon Buziness Bytes Hindi

Delhi Excise Policy: नई आबकारी नीति मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, देशभर में 40 ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली। नई दिल्ली की आप सरकार द्वारा लागू की गई नई आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने आज शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार ईडी टीम ने देशभर के 40 ठिकानों पर आज एकसाथ छापा मारा है। ये छापे आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले, कर्नाटक, तमिलनाडु और दिल्ली-एनसीआर के शराब व्यवसायियों और वितरकों के अलावा आपूर्ति श्रृंखला नेटवर्क से जुड़े परिसरों पर लगे हैं। इससे पहले केंद्रीय जांच एजेंसी ने देशभर के लगभग 45 स्थानों पर गत छह सितंबर को तलाशी अभियान चलाया था। जिसमें एनसीआर के कई जिलों में तलाशी ली गई थी।  

गौरतलब है कि दिल्ली की आप सरकार की नई आबकारी नीति सवालों के घेरे में है। भाजपा ने इसको लेकर दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर घोटाले का आरोप लगाया है। इसको लेकर सीबीआई मनीष सिसोदिया के घर व बैंक लॉकर की तलाशी ले चुकी है। 
दरअसल दिल्ली के उपराज्यपाल ने दिल्ली के सचिव की एक रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। 8 जुलाई को यह रिपोर्ट भेजी गई थी। जिसमें पिछले साल लागू हुई आबकारी नीति पर सवाल उठाए थे। जिसमें आबकारी नीति (2021-22) बनाने और लागू करने में लापरवाही बरतने के साथ नियमों की अनदेखी और नीति के कार्यान्वयन में गंभीर चूक के आरोप हैं। इसमें अन्य बातों के साथ निविदा को अंतिम रूप देने में अनियमितताएं और चुनिंदा विक्रेताओं को टेंडर के बाद लाभ पहुंचाना शामिल है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि शराब बेचने की वालों की लाइसेंस फीस माफ करने से करीब 144 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आबकारी मंत्री के तौर पर मनीष सिसोदिया ने इन प्रावधानों की अनदेखी की है। इसी सब की जांच सीबीआई और ईडी कर रही है।

Exit mobile version