मेरठ। सप्ताह के अंत में शुक्रवार की रात से सोमवार की सुबह तक लगने वाले 55 घंटे के संपूर्ण लॉकडाउन को लेकर शहर के व्यापारियों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को महिलाओं और व्यापारियों ने व्यापारी स्वाभिमान मंच के बैनर तले जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
व्यापारी स्वाभिमान मंच की जिला अध्यक्ष और फिल्म सेंसर बोर्ड की सदस्य डॉ. अनीता पुंडीर के साथ शुक्रवार को कई व्यापारी और महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं। जिलाधिकारी के नाम सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों को पांच दिन बाजार खोले जाने की अनुमति देने पर प्रशासन का आभार जताया, लेकिन इसी के साथ सप्ताह के अंत में लगने वाले संपूर्ण लॉकडाउन में शराब की दुकानें खोले जाने की अनुमति देने को लेकर रोष प्रकट किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति दी जा सकती है तो फिर व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने के लिए मजबूर क्यों किया जा रहा है। व्यापारियों ने संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान या तो पूरी तरह से बंद रखे जाने अन्यथा व्यापारियों को भी अपने प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति देने की मांग की

