Site icon Buziness Bytes Hindi

वाकई विराट


वाकई विराट

टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने पूरे किए 10 साल

स्पोर्ट्स डेस्क। कुछ साल पहले तक भारतीय क्रिकेट में जो रुतबा सचिन तेंदुलकर का था, वो रुतबा आज भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली को मिला है. इसके लिए उनके कठिन परिश्रम और बेहतर प्रदर्शन को पूरे नंबर्स दिए जा सकते हैैं. भारतीय कप्तान विराट कोहली के आज टेस्ट क्रिकेट में 10 साल पूरे हो गए हैं. उन्होंने 20 जून 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने कुल 92 टेस्ट खेले हैं. इसमें उन्होंने 52.68 की औसत से 7534 रन बनाए हैं. टेस्ट में उनके नाम 27 सेंचुरी और 25 फिफ्टी हैं. उन्होंने टेस्ट करियर में 7 डबल सेंचुरी भी लगाई है. वे मौजूदा समय के फैब-4 बैट्समैन में से एक माने जाते हैं. विराट के अलावा इस लिस्ट में न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और इंग्लैंड के जो रूट हैं.

शानदार रहा सफर
डेब्यू से लेकर अब तक का विराट का टेस्ट में सफर शानदार रहा है. 5वें नंबर के इस बल्लेबाज ने करियर की शुरुआत राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण जैसे बल्लेबाजों के संरक्षण में की. हालांकि तब विराट की प्लेइंग-11 में जगह पक्की नहीं थी. जनवरी 2012 में द्रविड़ और लक्ष्मण के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्हें पक्के तौर पर जगह मिली. इसके बाद से विराट ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.

..जब पहली बार बने कप्तान
2014 की शुरुआत में वीरेंद्र सहवाग और जहीर खान ने भी टेस्ट को अलविदा कह दिया. इसी साल दिसंबर में भारत ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया. टूर के लिए महेंद्र सिंह धोनी को कप्तान बनाया गया. टूर के पहले टेस्ट में वे चोट की वजह से नहीं खेले और विराट कप्तान बनाए गए. दूसरे टेस्ट में धोनी ने वापसी की और कप्तानी भी संभाली. हालांकि इस टेस्ट में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया. इसके बाद विराट को परमानेंट कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई.

बेजोड़ कप्तान
तब से लेकर अब तक उन्होंने 61 टेस्ट में भारत की कप्तानी की है. इसमें से टीम इंडिया ने 36 टेस्ट जीते हैं और 14 में हार मिली. उन्होंने धोनी के सबसे ज्यादा टेस्ट में कप्तानी के और सबसे ज्यादा जीत के, ये दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए. धोनी ने 60 टेस्ट में कप्तानी की थी. इतना ही नहीं टेस्ट में भारत के टॉप-10 सबसे ज्यादा रनों से जीत में कोहली की टीम के 6 रिकॉर्ड हैं. वहीं, टॉप 2 इनिंग्स से जीत भी कोहली की टीम इंडिया ने ही दर्ज की है. यह उनकी ही कप्तानी का नतीजा है कि भारतीय टीम फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेल रही है.

Exit mobile version