Site icon Buziness Bytes Hindi

लखनऊ से आई टीम योगी ने जानी महानगर की व्यवस्था 


लखनऊ से आई टीम योगी ने जानी महानगर की व्यवस्था 

मेरठ। जिले में तेजी से बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या और मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था होने के चलते मुख्यमंत्री ने मेरठ के लिए विशेष टीम गठित की है। सोमवार को लखनऊ से सरकारी विमान से प्रमुख सचिव सिंचाई टी. वेंकटेश सहित डॉक्टरों की टीम मेरठ पहुंची और तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख सचिव ने दिन में जहां सभी अधिकारियों के साथ कई घंटे तक समीक्षा बैठक कर गहन मंत्रणा की। वहीं, रात को यह टीम जागृति विहार एक्सटेंशन में बनाई गई अस्थायी सब्जी मंडी का दौरा करने भी गई। इसके बाद आलाधिकारियों ने लॉकडाउन के दौरान महानगर का भी दौरा किया। इस दौरान टीम हॉटस्पाट, ग्रीन जोन और ओरेंज जोन में भी गई। प्रमुख सचिव टी. वेंकटेश और आईजी लक्ष्मी सिंह के साथ एडीजी जोन प्रशांत कुमार, कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम, डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी भी मौजूद रहे। जिले के नोडल अधिकारी टी0वेंकटेश ने जिले के अधिकारियों को प्रमुख निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का प्रमुखता के साथ पालन सुनिश्चित कराया जाए। इस दौरान टीम ने बेगमपुल, हापुड स्टैंड, घंटाघर के अलावा महानगर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया।

इसके बाद बचत भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव टी. वेंकटेश ने स्वास्थ्य विभाग सहित प्रशासन के आला अधिकारियों से बिंदुवार बात की। सीएमओ, सीएमएस, मेडिकल स्टाफ से भी हर बिंदु पर बात की गई। उन्होंने कहा कि जो भी कमियां हैं उनके लिए भी जिम्मेदारी तय कर दी जाएगी। इसके लिए समाधान निकालने के लिए अब कार्य तेज किया जाएगा, जिससे कोई भी समस्या आगे न आ सके। प्रमुख सचिव ने मेडिकल कॉलेज की ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बिंदु पर कहा कि इसका भी रिव्यू किया जाएगा। उसके बाद इसके लिए भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने एक-एक अधिकारी से वार्ता करते हुए सख्त लहजे में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव को डीएम अनिल ढींगरा और सीएमओ डा0 राजकुमार ने कोरोना को लेकर हुई अब तक की पूरी समीक्षात्मक रिपोर्ट पेश की।

Exit mobile version