Site icon Buziness Bytes Hindi

रविवार को पहुंचा डाकिया, बोला हैप्पी रक्षाबंधन, सोमवार को भी खुलेंगे सभी डाकघर


रविवार को पहुंचा डाकिया, बोला हैप्पी रक्षाबंधन, सोमवार को भी  खुलेंगे सभी डाकघर

मेरठ। रक्षाबंधन पर भाइयों को समय से राखी पहुंचाने के लिए रविवार को विशेष रूप से सभी डाकघर खोले गए। मेरठ मंडल के सभी मुख्य, उप और शाखा समेत 309 डाकघरों में करीब चार हजार राखी संबंधी मेल की डिलीवरी की गई। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई सूनी न रह जाए। इसलिए अन्य किसी भी आर्टिकल को छोड़कर केवल राखी संबंधी सभी प्रकार की स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री व साधारण डाक को डाकियों ने शत-प्रतिशत डिलीवरी सुनिश्चित करने का कार्य किया।

रविवार को विशेष रूप से राखी संबंधी मेल को समय से डिलीवरी करने के लिए मेरठ मंडल के सभी डाकियों को दिशा-निर्देश दिए गए। राखी संबंधी मेल को डिलीवरी करते समय उन्होंने रिसीवर को डाक विभाग की ओर से हैप्पी रक्षाबंधन कहते हुए बधाई दी। मेरठ छावनी और शहर घंटाघर स्थित मुख्य डाकघरों के अलावा सभी छोटे-बड़े 309 डाकघरों में तैनात लगभग 700 डाकियों ने प्राथमिकता के आधार पर राखी संबंधी डाक को पहुंचाने का कार्य किया।


मेरठ मंडल के कार्यवाहक प्रवर अधीक्षक डाकघर वीर सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर रविवार के बाद सोमवार को भी सभी डाकघर खोलने का निर्णय लिया गया है। जो मेल देरी से बुकिंग की गई या पहुंचाने में समय लग रहा है। उन सभी मेल को सोमवार को शत-प्रतिशत पूर्ण रूप से डिलीवरी करना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चीफ पोस्टमास्टर जनरल लखनऊ के निदेर्शानुसार सोमवार को रक्षाबंधन के दिन कोई भी राखी संबंधी मेल पेंडिंग नहीं रखी जाएगी।

Exit mobile version