- सिटी में फुल लॉकडाउन का गुरुवार को सख्ती से कराया गया पालन
- डीएम ने कहा हालात सामान्य होते ही शुरू होगा कारोबार, व्यापारी दोबारा प्रदर्शन न करे नहीं तो होगी सख्ती
मेरठ : गुरुवार को व्यापारियों के एक संगठन ने फुल लॉकडाउन के दौरान धरना देकर व्यापार खोलने की मांग करनी चाही. सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी डीएम को दी गई. डीएम ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को कहा कि आपको पता है कि कोविड-19 के आउटब्रेक की वजह से शहर के क्या हालात है फिर भी प्रदर्शन कर रहे हैं. सबके प्रयासों से हम कोरोना पेशेंट्स के मामले में सिंगल डिजिट में आ गए है.इसे सबको मिलकर और कम करना है. डीएम ने समझाने के बाद सख्त रवैया अपनाते हुए कहा कि इस प्रकार से लॉकडाउन में धरना देना सही नहीं है.जिले में धारा 144 लगी हुई है धरना प्रदर्शन पर शासन से रोक लगी हुई है.यदि दोबारा धरना प्रदर्शन किया तो निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल छूट नहीं
कोरोना के मिल रहे मरीजों के चलते शासन-प्रशासन फिलहाल कोई छूट देने को तैयार नहीं है. सोमवार और गुरुवार को फुल लॉकडाउन का आदेश अभी भी लागू है. गुरुवार को फुल लॉकडाउन के चलते सड़कों पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही और सड़कों पर घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई. इमरजेंसी केस वाले लोगों को छोड़कर बेवजह घूम रहे लोगों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों के चालान भी काटे.
डीएम, एडीएम सिटी ने लिया जायजा
डीएम अनिल ढींगरा और एडीएम सिटी अजय तिवारी ने गुरुवार को शहर का भ्रमण कर जायजा लिया. हॉट स्पॉट और शहर के दूसरे इलाकों का भी दोनों अफसरों ने दौरा किया. डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि संपूर्ण लॉक डाउन का फायदा मिला है, क्योंकि अब सिंगल डिजिट में कोरोना पॉजिटिव की संख्या रह गई है.
चार्ज लेते ही एडीजी ने संभाला मोर्चा
जोन के नए एडीजी राजीव सभरवाल को बनाया गया है. शासन से आदेश मिलने के बाद बुधवार रात को ही वह लखनऊ से मेरठ के लिए रवाना हो गए थे. गुरुवार सुबह एडीजी मेरठ पहुंचे. 10 बजे के करीब नए एडीजी राजीव सभरवाल ने सर्किट हाउस से ऑफिस पहुंचकर चार्ज ग्रहणकर लिया. वहां से वह आईजी और एसएसपी के साथ शहर का जायजा लेने निकल गए.सबसे पहले वह बेगमपुल पर पहुंचे, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत की. कोविड-19 से बचाव के प्रति सतर्क रहने को कहा.पुलिसकर्मियों से उन्होंने पूछा क्या ड्यूटी के दौरान नाश्ता मिलता है. इस पर पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन्हें फ्रूटी दी जाती है.
हापुड़ अड्डे की देखी सुरक्षा
एडीजी हापुड अड्डे पहुंचे और पुलिसकर्मियों से बातचीत की. एडीजी ने बताया कि शहर उनका पहले से देखा हुआ है. हालांकि चौदह सालों में काफी कुछ बदल गया है. उसके बाद एडीजी का काफिला एल ब्लाक चौकी से तेजगढ़ी पहुंचा फिर वापस सर्किट हाउस पहुंचे.आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी तथा एसपी क्राइम रामअर्ज समेत कई सर्किल के सीओ मौजूद रहे.

