Site icon Buziness Bytes Hindi

मेरठ को वुहान के रास्ते पर ले जा रही नवीन सब्जी मंडी


मेरठ को वुहान के रास्ते पर ले जा रही नवीन सब्जी मंडी

न्यूज़ डेस्क : यूपी के तीन जिलों में इस समय कोरोना वायरस ने तेजी से पैर पसारे हैं. आगरा, मेरठ और कानपुर में लाख कोशिशों के बावजूद कोरोना वायरस का संक्रमण काबू में नहीं आ रहा है और काफी संख्या में लोग चपेट में आते जा रहे हैं. मेरठ की बात करें तो यहां की सब्जी मंडी मेरठ को वुहान के रास्ते पर लेती जा रही है.दरअसल, कोरोना का आउटब्रेक सबसे पहले चीन के वुहान में ही हुआ था. इसके बाद इसने दुनियाभर में पैर पसार लिए. मेरठ की नवीन सब्जी मंडी से जुड़े दो लोगों की मौत भी हो चुकी है. कहा जा रहा है कि नवीन सब्जी से जुड़े लोग उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ राजस्थान के अलवर में भी संक्रमित पाए गए हैं.

बीजेपी नेता और बैंक मैनेजर के पिता सब्जी मंडी रोज जाते थे
एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि 3 और 4 मई को मेरठ के नवीन मंडी और टीपीनगर से जुड़े 24 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे. जानकारी के मुताबिक, आठ मई को ब्रह्मपुरी, रोहटा और सरधना में चार सब्जी विक्रेता संक्रमित पाए गए थे. वहीं, रोहटा के सलाहरपुर, नारंगपुर, सदर का रजबन, सिवालखास के सब्जी विक्रेता भी पॉजिटिव मिले थे. इन सभी के अलावा भाजपा नेता के पिता और बैंक मैनेजर के पिता को संक्रमण होने की जांच में स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया था कि ये दोनों हर रोज सब्जी खरीदने नवीन मंडी जाते थे.

तीनों स्थानीय मंडियों में काम करते थे
मेरठ के अलावा शामली में दो और हापुड़ में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था. ये तीनों स्थानीय मंडियों में काम करते हैं और मेरठ मंडी से भी जुड़े हैं. राजस्थान के अलवर में आठ मई को पिकअप गाड़ी का ड्राइवर संक्रमित आया था. वहीं, अब आलम यह हो गया है कि सब्जी खरीदने से लोग अब डरने लगे हैं. कई कॉलोनियों में सब्जीवालों की एंट्री बंद कर दी गई है. कुछ बड़े लोगों ने किसानों से संपर्क कर उनसे सीधे सब्जी खरीदना शुरू कर दिया है.

आगरा में कोरोना की गाज सीएमओ पर गिरी
आगरा में कोविड-19 के बढ़ते आउटब्रेक की गाज सीएमओ और एडी पर गिरी है. दोनों ही जून में रिटायर हो रहे थे.डॉ. आरसी पांडेय को नया सीएमओ बनाया गया है. उधर,आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के ईश्वर नगर में एक महिला सिपाही की कोरोना की जद में आने से मृत्यु हो गई थी. उसके 10 परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ईश्वर नगर को नया हॉटस्पॉट बना दिया है. छह मई को संक्रमित महिला सिपाही की मृत्यु हो जाने के बाद अब उसके 10 परिजन और रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं.

Exit mobile version