Site icon Buziness Bytes Hindi

मुजफ्फरनगर: यूपी स्टील फैक्ट्री में क्रेन के नीचे दबकर मजदूर की मौत


मुजफ्फरनगर: यूपी स्टील फैक्ट्री में क्रेन के नीचे दबकर मजदूर की मौत

मुजफ्फरनगर। जिले के मंसूरपुर में गुरूवार सुबह यूपी स्टील फैक्‍ट्री में काम करते समय क्रेन की चपेट में आकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। 40 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्टरी में हंगामा किया। मुआवजे को लेकर भाकियू नेताओं और फैक्‍ट्री प्रबंन्ध तंत्र के बीच वार्ता की गई।

मंसूरपुर क्षेत्र के गांव बेगराजपुर निवासी 25 वर्षीय रवि पुत्र सहेन्द्र गांव जडौदा के समीप हाईवे पर स्थित यूपी स्टील फैक्‍ट्री में क्रेन पर मजदूरी का काम करता था। गुरुवार की सवेरे क्रेन से भारी क्लस्टर रोल गिर जाने के कारण रवि की उसकी चपेट में आ जाने से दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण मृतक के परिजनों के साथ फैक्टरी में पहुंच गए।

सूचना पर पहुंचे भाकियू के मंडल महासचिव राजू अहलावत और जिला महामंत्री विनय भारद्वाज के नेतृत्व में ग्रामीणों और परिजनों ने हंगामा करते हुए 40 लाख रुपये का मुआवजा और एक मृतक आश्रित को नौकरी देने की मांग की। सूचना पाकर मंसूरपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार चाहल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।भाकियू नेताओं व मृतक के परिजनों की फैक्टरी प्रबन्ध तंत्र के साथ मुआवजे को लेकर वार्ता चल रही है।

Exit mobile version