Site icon Buziness Bytes Hindi

मानव संसाधन उद्योग जगत की रीढ़ है: मुख्यमंत्री


मानव संसाधन उद्योग जगत की रीढ़ है: मुख्यमंत्री

प्रदेश में आये कामगारों और श्रमिकों के श्रम से अब उ0प्र0 का नव-निर्माण होगा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मानव संसाधन उद्योग जगत की रीढ़ है। यही रीढ़ अब बड़ी संख्या में श्रमिक के रूप में प्रदेश में उपलब्ध है। श्रमिकों ने अपने पसीने से समाज व राष्ट्र का निर्माण किया है। प्रदेश में आये कामगारों और श्रमिकों के श्रम से अब उत्तर प्रदेश का नव-निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने औद्योगिक विकास विभाग तथा एम0एस0एम0ई0 विभाग को कामगारों/श्रमिकों को रोजगार देने के सम्बन्ध में सभी सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश देते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों तथा सेवा प्रदाता संगठनों को मैन पावर आपूर्ति के सम्बन्ध में एक एप विकसित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि कामगारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की दिशा में भी कार्य किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि इन्हें बीमा कवर अवश्य उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं को तेजी से संचालित करते हुए श्रमिकों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराये जाए। बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है।

मुख्यमंत्री ने सभी कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में भर्ती रोगियों की लगातार मानीटरिंग की जाए। डाॅक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ नियमित राउण्ड लें। उन्होंने कहा कि गन्दगी संक्रमण का कारण बनती है। इसके दृष्टिगत, चिकित्सालयों में साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए मेडिकल वेस्ट के समुचित निस्तारण के सभी प्रबन्ध किये जाएं।

Exit mobile version