दिल दहला देती है वारदात की दास्तां
मेरठ। लव जिहाद में मां-बेटी की हत्या करने के बाद शमशाद से अमित बने दरिंदे ने दोनों की लाश के साथ पूरे छह घंटे बिताए। हत्यारे शमशाद ने दो घंटे के भीतर अपने बेड रूम में आठ फुट गहरा गड्ढा खोद दिया। उसके बाद लाश को उसमें डालकर ठिकाने लगा दिया। इस दौरान किसी को उसके ऊपर शक भी नहीं हुआ। हत्यारे ने पुलिस को बताया कि उसने रात में 12 बजे प्रिया और उसकी बेटी कशिश की हत्या कर दी थी।
लॉकडाउन के कारण वो कहीं बाहर भी नहीं जा सकता था। दोनों की लाशें फर्श पर पड़ी थी और दरिंदा उनको ठिकाने लगाने के लिए दिमाग चला रहा था। आखिरकार उसने लाशों को कमरे के भीतर ही गाड़ने की सोची। इसके लिए उसने घर में रखे कुदाल और फावड़े का इस्तेमाल किया। पहले शमशाद ने कुदाल से बेडरूम का फर्श तोड़ा फिर उसके बाद उसने फावड़े से दो घंटे में 8 फीट गहरा गडढा खोद दिया। तब तक सुबह हो चुकी थी। वह कस्बे में निकला और अलग-अलग दुकानों से नमक खरीदकर लाया। इसके बाद उसने इत्मीनान से मां-बेटी की लाश को ठिकाने लगा दिया।
बता दें कि फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद प्रेमिका और उसकी मासूम बेटी का कत्ल करने वाले शमशाद से गुरुवार तड़के 3:45 बजे पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर में शमशाद को 4 गोलियां लगी हैं। उसके कब्जे से पुलिस को एक पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि बुधवार तड़के शमशाद उस वक्त फरार हो गया था, जब पुलिस उसे लाश बरामद करने के लिए लेकर जा रही थी। बाथरूम करने के बहाने उसने गाड़ी रुकवाई और कस्टडी से फरार हो गया था। तभी से पुलिस की कई टीमें शमशाद को तलाश रही थी। एसएसपी ने बताया कि गुरुवार तड़के 3:45 बजे परतापुर पुलिस टीम की बिजली बंबा बाईपास स्थित नूरनगर मोड पर दुर्दांत हत्यारोपी शमशाद से मुठभेड़ हो गई। इसमें वह घायल हो गया। शमशाद की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। परतापुर थाना क्षेत्र में भूड़ बराल निवासी शमशाद ने 28 मार्च को अपनी प्रेमिका प्रिया और उसकी मासूम बेटी कशिश की गला दबाकर हत्या कर दी थी और फिर दोनों शवों को ड्राइंग रूम में जमीन में गाड़ दिया था। 1 दिन पहले पुलिस ने दोनों शव बरामद कर लिए।

