Site icon Buziness Bytes Hindi

भारतीय पेसर्स से नही डरते ऑस्ट्रेलियाई


भारतीय पेसर्स से नही डरते ऑस्ट्रेलियाई

नई दिल्ली।ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर मैथ्यू वेड का मानना है कि आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत का मजबूत तेज आक्रमण बाउंसर फेंकने वाले न्यूजीलैंड के नील वेगनेर की तरह प्रभावी नहीं होगा. वेगनेर ने पिछले सत्र में टेस्ट श्रृंखला के दौरान आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर बाउंसर्स की बौछार कर दी थी. उन्होंने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन को मिलाकर दस बार आउट किया.

ऑस्ट्रेलिया में कामयाब नहीं हो पाएंगे भारतीय गेंदबाज

भारतीय टीम को साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है. वेड ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा ,‘टीमें कोशिश कर सकती हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे कामयाब होंगी.’ उन्होंने कहा ,‘मुझे नहीं लगता कि किसी ने उतने बाउंसर डाले होंगे जितने वेगनेर ने और वह भी लगातार. उसने विकेट भी चटकाये.’ उन्होंने कहा ,‘भारतीय गेंदबाज भी कोशिश करेंगे लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे उतने प्रभावी होंगे. वेगनेर के पास अनुभव है. मैने ऐसा गेंदबाज नहीं देखा जो बाउंसर इतने सटीक डालता हो.’

विराट कोहली होंगे सबसे बड़े चुनौती

वेड ने कहा कि विराट कोहली की टीम के खिलाफ श्रृंखला टिम पेन की टीम के लिये सबसे कठिन चुनौतियों में से एक होगी. उन्होंने कहा ,‘हर किसी को इसका इंतजार है. इसके लिये कड़ी मेहनत करनी होगी. भारतीय टीम आक्रामक है और काफी कठिन चुनौती पेश करती है.’ उन्होंने कहा ,‘मैदान पर विराट को देखिये. वह जीत के इरादे से ही उतरता है और सभी में जोश भरता है. यह बहुत बड़ी चुनौती होगी.’

ब्रेट ली ने दौरे को बताया था अहम
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा था कि भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज काफी अहम होने वाली. उन्होंने कहा, ‘अभी तक केवल ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज की ही बात होती थी. हमेशा एशेज सीरीज को काफी हाईलाइट किया जाता है. लेकिन अब मेरा मानना है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज भी एशेज की ही तरह है. जब ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज खेलती है तो ये देखने लायक सबसे बेहतरीन टूर्नामेंट होता है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जबरदस्त राइवलरी देखने को मिलती है.’

Exit mobile version