Site icon Buziness Bytes Hindi

भारत में व्यापार और निवेश बढ़ाएगा इटली, 15 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर


भारत में व्यापार और निवेश बढ़ाएगा इटली, 15 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर

नयी दिल्ली: कोविड-19 वैश्विक महामारी से बुरी तरह प्रभावित इटली ने चीन पर निर्भरता कम करने के इरादे से भारत के साथ आर्थिक साझीदारी को मजबूत करके वैकल्पिक आपूर्ति शृंखला स्थापित करने तथा इसके लिए निवेश बढ़ाने के प्रति दिलचस्पी दिखायी है।

भारत और इटली के प्रधानमंत्रियों के बीच वर्चुअल बैठक
इटली की ओर से यह झुकाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इटली के प्रधानमंत्री जिएसेपे कोन्टे के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित द्विपक्षीय शिखर बैठक में सामने आया। दोनों देशों ने इस मौके पर 15 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये जिनमें व्यापार, निवेश, ढांचागत विकास, विज्ञान तकनीक, जहाजरानी, ऊर्जा, समुद्री खाद्य, फिल्म एवं टेलीविजन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के करार शामिल हैं। हरित यानी प्रदूषण रहित हाइड्रोजन के ईंधन के रूप में प्रयोग के बारे में भी एक करार किया गया है।

कोरोना महामारी द्वितीय विश्वयुद्ध की तरह प्रभावकारी घटना
बैठक के बाद श्री मोदी ने अपने प्रेस वक्तव्य में कहा कि यह साफ़ है कि कोविड-19 महामारी द्वितीय विश्वयुद्ध की तरह इतिहास में एक प्रभावकारी घटना के रूप में अंकित रहेगी। हम सभी को कोरोना पश्चात की इस नई दुनिया में कोरोना से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों और अवसरों के लिए हम सभी को एक नए सिरे से तैयार रहना होगा।

मज़बूत होंगे भारत और इटली के सम्बन्ध
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि आज की हमारी बातचीत से हमारे संबंध और मजबूत होंगे, आपसी समझ बढ़ेगी और सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने में सहायता मिलेगी। आप की तरह मैं भी भारत और इटली के संबंधों को और व्यापक और गहरा बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ। 2018 में टेक समिट के लिए आपकी भारत यात्रा और हमारी मुलाकात अनेक पहलुओं को स्पर्श करने वाली और भारत के लोगो के मन में भी इटली के प्रति एक नई जिज्ञासा पैदा करने वाली रही। यह ख़ुशी की बात है कि 2018 में हमारी बातचीत के बाद आपसी आदान-प्रदान में काफी गति आई है।”

बहुपक्षीय मुद्दों के परिप्रेक्ष्य में चर्चा
इस वर्चुअल बैठक के बाद विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पश्चिमी यूरोप) संदीप चक्रवर्ती ने संवाददाताओं को बताया कि बैठक में हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर बहुपक्षीय मुद्दों के परिप्रेक्ष्य में चर्चा की गयी। इटली के प्रधानमंत्री श्री कोन्टे ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को कवि दांते अलीगिरी की 700वीं जयंती पर भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

Exit mobile version