ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी कर फंसे राकेश टिकैत, अब माफी मांगने को तैयार

फीचर्डब्राह्मण समाज पर टिप्पणी कर फंसे राकेश टिकैत, अब माफी मांगने को...

Date:


ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी कर फंसे राकेश टिकैत, अब माफी मांगने को तैयार

  • पलवल में किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत कर बैठे ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी
  • राकेश टिकैत के विरोध में उतरा ब्राह्मण समाज, बयान को बताया घृणित और नफरत फैलाने वाला

सुनील शर्मा

न्यूज डेस्क। किसान आंदोलन में मिल रहे समर्थन को देख भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत की जुबान बहकी और वह ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी कर बैठे। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हुआ तो ब्राह्मण समाज उनके खिलाफ आवाज उठाने लगा। अब राकेश टिकैत अपनी सफाई देते फिर रहे हैं और अपने कथन पर माफी मांगने को भी तैयार हैं।

कृषि कानून के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन में पलवल में भी भारतीय किसान यूनियन का धरना चल रहा है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चैधरी राकेश टिकैत शुक्रवार को धरनारत किसानों को संबोधित करने पहुंचे थे। वहां उमड़ी भीड़ को देख राकेश टिकैत खुद पर काबू न कर पाये और किसान आंदोलन में ब्राह्मण समाज पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए उनको भी देख लेने की बात कह बैठे। राकेश टिकैत का आरोप था कि ब्राह्मण समाज न तो किसान आंदोलन में भाग ले रहा है और न ही आंदोलनरत किसानों के लिये लंगर लगा रहा है। वायरल वीडियोे में साफ दिख रहा है कि लोगों की हसीं और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राकेश टिकैत की ब्राह्मण समाज पर किये जा रहे कटाक्ष तीखे होते गये।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

वहीं ब्राह्मण समाज पर की गयी टिप्पणियों का वीडियो वायरल होते ही ब्राह्मण समाज ने राकेश टिकैत का विरोध शुरू कर दिया। ब्राह्मण समाज के संगठनों द्वारा लगातार बैठक कर राकेश टिकैत के बयान को निंदनीय बताया है। वहीं लोगों का कहना है कि राकेश टिकैत यह भूल गये कि चैधरी महेन्द्र सिंह टिकैत ने जब बहन मायावती पर जातिगत टिप्पणी की थी तो उसका अंजाम क्या हुआ था। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चैधरी राकेश टिकैत के ब्राह्मण समाज के प्रति दिए गए बयान को घृणित और नफरत फैलाने वाला बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि राकेश टिकैत को यह नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय किसान यूनियन केवल एक जाति-बिरादरी का संगठन नहीं है। उससे ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न जातियो के लोग शामिल हैं और अपना पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

वहीं अपने खिलाफ माहौल बनते देख राकेश टिकैत ने भी अपने सुर बदल लिये। वीडियो में खुलेआम ब्राह्मण समाज को चेतावनी देने वाले राकेश टिकैत अब अपनी सफाई में अपने बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किये जाने और वीडियो को एडिट करने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि मेरे बयान का गलत मतलब न निकाला जाए। कहने का आशय केवल इतना था कि मंदिरों के पुजारी व विभिन्न ट्रस्ट गुरुद्वारों की भांति आंदोलन में अपने बैनर के साथ लंगर की सेवा प्रदान करें। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा आंदोलन सभी का है।

सोशल मीडिया पर भी दी राकेश टिकैत ने सफाई

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चैधरी राकेश टिकैत ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर इस मामले में सफाई देने का प्रयास किया है। फेसबुक पर डाली गयी पोस्ट में राकेश टिकैत ने कहा,

https://www.facebook.com/ChaudharyRakeshTikait/posts/1715020212012590

कल मैंने पलवल में अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। उसे कुछ शरारती यह कहकर फैला रहे हैं कि मैंने ब्राह्मणों के खिलाफ बोला है।

देखिए, किसान की केवल एक पहचान है, किसान। सब जातियों के लोग खेती करते हैं। पंडित भी बहुसंख्या में किसान हैं। मेरे कहने का आशय क्या है? ये सरकार किसान के खिलाफ है। ये किसानों की खुद्दारी से चिढ़ती है। इसे चार-छह बड़े काॅरपोरेट मालिक चला रहे हैं, बाकी सब गुलाम चाहिए। ये बिल हमारी इसी खुद्दारी का इलाज करने के लिए लाए गए हैं। मैं कहता हूं कि किसान को मार पड़ेगी तो वो सबको पड़ेगी। क्या जाट-गुज्जर, क्या यादव -कुर्मी और क्या ठाकुर- पंडित। मेरा कहना है कि जो किसानों की लड़ाई में साथ नहीं आएगा, उसका इलाज भी ये काॅरपोरेट्स की सरकार करेगी।

एक बात और स्पष्ट कर दूं की इस लड़ाई में सब साथ हैं। मैंने मंदिरों और उनके कर्ताधर्ताओं से अपील की थी की गुरुद्वारों की तरह वो भी बढ़-चढ़कर किसानों के साथ आएं। किसानों के लिए सहजानंद सरस्वती जी लड़े थे, आजादी के लिए पंडित राम प्रसाद बिस्मिल ने, चंद्रशेखर आजाद ने कुर्बानी दी थी। मेरी बात का अनर्थ ना करें। ये आंदोलन में फूट डालने वालों की चाल है।

इस सबके बाद भी अगर किसी को मेरी किसी बात से ठेस पहुंची हो तो मैं सौ दफा माफी मांगने को तैयार हूं। राकेश टिकैत कुछ नहीं है। राकेश टिकैत का अहम आंदोलन से बड़ा नहीं है। देश सबसे ऊपर है। किसान सबसे ऊपर है। आप आगे आईये, राकेश आपके पीछे डटा रहेगा।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related