Site icon Buziness Bytes Hindi

बेटी के लिये न्याय की गुहार लगाने वाले पिता को ट्रक ने रौंदा


बेटी के लिये न्याय की गुहार लगाने वाले पिता को ट्रक ने रौंदा

कानपुर। गैंगरेप का शिकार हुई 13 साल की मासूम बेटी के लिये न्याय की गुहार लगा रहे पिता को आज सुबह एक ट्रक ने रौंद दिया। गंभीर घायल पिता की मौत होने पर भड़के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों के द्वारा ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है। जान गंवाने वाले पिता ने भी आरोपियों के भाई द्वारा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात कही थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने कानपुर-सागर हाईवे को जाम कर दिया। वहीं जिलाधिकारी अलोक तिवारी ने सीएम कृषक दुर्घटना सहायता कोष से से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए मुआवजा दिये जाने का ऐलान किया है। वहीं डीआईजी ने इस मामले के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

उत्तर प्रदेश के जिला कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ गांव के ही दबंगों ने अगवा कर दुष्कर्म किया था। गैंगरेप करने के आरोपी गांव के ही गोलू यादव और दीपू यादव के खिलाफ पीड़िता के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। बताया गया कि एक आरोपी दीपू यादव के पिता पुलिस में दारोगा हैं और वर्तमान में कन्नौज में तैनात हैं। आरोप है कि दीपू के परिजनों ने पीड़िता के परिवार को कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस के पास शिकायत करने के 24 घंटे के भीतर ही बुधवार सुबह घाटमपुर कस्बे में सीएससी के बाहर गैंगरेप पीड़िता के पिता को एक ट्रक ने रौंद दिया। चिकित्सकों के मृत घोषित किये जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कानपुर-सागर हाईवे को जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस में शिकायत दर्ज किये जाने के बाद भी कार्रवाई करने की बजाये पुलिस पीड़िता के पिता को टरका रही थी। पीड़िता के लिये न्याय की गुहार लगा रहे पिता की आवाज बंद करने के लिये ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। गौरतलब है कि पुलिस से शिकायत करते हुुए पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया था कि आरोपी के भाई ने घर आकर धमकी दी थी कि अगर मामले की पुलिस से शिकायत की तो जान से मार देंगे। साथ ही फिर से वारदात की बात भी कही थी। मौके पर पहुुंची पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता
जिलाधिकारी अलोक तिवारी ने एक वीडियो मैसेज जारी कर पीड़ित परिवार को सीएम कृषक दुर्घटना सहायता कोष से पांच लाख रुपए की मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि परिवार को जमीन का पट्टा देने पर भी विचार किया जाएगा। वहीं वहीं डीआईजी कानपुर ने कहा कि गैंगरेप के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद वारदात में शामिल दूसरे आरोपी और पीड़िता के परिजनों को धमकाने वाले की तलाश की जा रही है। उन्होंने पीड़िता के पिता की मौत को दुखद बताते हुए और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version