रंगदारी के एक मामले मपंजाब की रोपड़ जेल में बंद है मुख्तार अंसारी
खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर रोपड़ जेल से नहीं छोड़ा जा रहा मुख्तार को
न्यूज डेस्क। प्रदेश में चल रहे माफिया राज को खत्म करने के लिये अभियान चला रही योगी आदित्यनाथ सरकार अब बाहुबली मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसते हुए उसे उत्तर प्रदेश में लाने की तैयारी कर रही है। रंगदारी के एक मामले में पंजाब की रोपड़ जेल में बंद मुख्तार अंसारी को यूपी लाने के लिये पहले भी कई प्रयास किये गये लेकिन रोपड़ जेल अधीक्षक ने मुख्तार के खराब स्वास्थ का हवाला देकर मुख्तार अंसारी को जेल से निकलने नहीं दिया। अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोपड़ जेल अधीक्षक को जारी किये गये नोटिस को यूपी सरकार डाक की बजाये हैंड डिलीवर करायेगी।
बसपा के विधायक बाहुबली मुख्तार अंसारी, उनका परिवार और करीबी इस समय यूपी की योगी सरकार के निशाने पर हैं। पूर्वांचल के जिलों में पुलिस प्रशासन मुख्तार के करीबियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। हाल ही में मुख्तार के करीबियों की संपत्तियां धराशायी करने के साथ अनेक लोगों के शस्त्र लाइसेंस कैंसिल किये गए हैं। वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर में मुख्तार के करीबियों के कारोबार पर भी शिकंजा कसा गया है।
मुख्तार अंसारी वर्तमान में पंजाब की रोपड़ जेल में बंद हैं। वहीं गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाने में मुख्तार अंसारी पर फर्जी नाम पते से शस्त्र लाइसेंस लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। लेकिन मुख्तार अंसारी को लेने के लिये कई बार पंजाब गई यूपी पुलिस को खाली हाथ लौटने पर मजबूर होना पड़ रहा है। कारण यह है कि रोपड़ जेल के अधीक्षक ने मुख्तार के खराब स्वास्थ का हवाला देकर मुख्तार अंसारी को जेल से नहीं छोड़ा। जेल अधिकारियों ने मुख्तार अंसारी की मेडिकल रिपोर्ट भी यूपी पुलिस को दे दी। इस मेडिकल रिपोर्ट में मुख्तार को तीन महीने की फुल बेड रेस्ट की सलाह दी गई है।
वहीं सूत्रों का कहना है कि मुख्तार अंसारी खुद पंजाब की जेल में बंद हुआ है। वहां से यूपी आने पर उसे रास्ते में गाड़ी पलटने और एनकाउंटर होने का खतरा सता रहा है। ऐसे में वह किसी प्रकार यूपी आने से बचने का प्रयास कर रहा है और पंजाब की रोपड़ जेल की ओर से भी उसे सहारा दिया जा रहा है।
यूपी और पंजाब पुलिस में चल रही रस्साकशी के बीच सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका पर सुनवाई के बाद रोपड़ जेल अधीक्षक को 18 दिसंबर 2020 को एक नोटिस जारी किया था। यूपी सरकार इस नोटिस को रोपड़ जेल अधीक्षक को हैंड डिलीवर करेंगे। मुख्तार अंसारी को गाजीपुर लाने के लिए गाजीपुर पुलिस के दो सदस्यों को चंडीगढ़ रवाना किया है जो वकील गरिमा प्रसाद के साथ्र रोपड़ जाकर जेल अधीक्षक को नोटिस देंगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद मुख्तार अंसारी को यूपी लाने में सफलता मिलेगी।

