टॉप टेन अपराधियों, इनामी बदमाश, अन्य अपराधों में वांछित चल रहे अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की समीक्षा की
बागपत। बागपत पुलिस कार्यालय में वार्षिक निरीक्षण को पहुंचे आईजी मेरठ परिक्षेत्र प्रवीण कुमार ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय में साफ-सफाई रखने और अभिलेखों के सही प्रकार से रखरखाव करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात आईजी प्रवीण कुमार ने पुलिस लाइन बागपत पहुंच कर राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में जिले के टॉप टेन अपराधियों, इनामी बदमाश, अन्य अपराधों में वांछित चल रहे अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की समीक्षा की।
साथ ही उन्होंने गैंग माफिया के खिलाफ कड़ाई से अभियान चलाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उन्होंने कोरोना-19 वायरस के संक्रमण से पुलिसकर्मियों के बचाव को जरूरी बताया और कोविड-19 नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने लंबित पड़े मामलों और वांछित चल रहे अपराधियों और इनामी अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा भी की।पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष की हत्या में एसआईटी लेगी फैसला जनपद में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय खोखर की हत्या के खुलासे को लेकर आईजी प्रवीण कुमार ने कहा है कि उनकी हत्या के मामले में एसआईटी का गठन किया गया है।
एसआईटी मामले की जांच कर रही है। इस हत्या में पहले जो तीन लोगों को जेल भेजा गया है उनके बारे में भी जांच कराई जा रही है। एसआईटी की जांच के बाद ही उन तीनों के अपराध को लेकर फैसला लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने हत्याकांड में सही अपराधियों को जेल भेजने पर छपरौली पुलिस की तारीफ भी की है।

