Site icon Buziness Bytes Hindi

पुलिस पर किया हमला, गोतस्करों को छुड़ाया

मेरठ के दौराला क्षेत्र में पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
भीड़ ने पुलिस की गाड़ी भी तोड़ी, जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी

मेरठ। उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के दौराला गांव में गोतस्करों को छुड़ाने के लिये ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिस पर जमकर पथराव करते हुए ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़़ा कर पीटा। इस दुस्सहासिक हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस की दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया गया। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

दौराला क्षेत्र के गांव रूहासा निवासी मुव्वसिर पुत्र बुंदू पर गोतस्करी करने का मामला दर्ज है। गोवंश की चोरी और गोकशी करने का आरोपी मुव्वसिर गोतस्कर गैंग से भी जुड़ा हुआ है। सोमवार को गोतस्कर मुव्वसिर को पकड़ने के लिये दौराला थाना पुलिस गांव रूहासा गई। वहां पुलिस ने घेराबंदी कर गोतस्कर मुव्वसिर को मकान के अंदर से पकड़ लिया और पुलिस की गाड़ी में बैठाने लगी । इसी दौरान मुव्वसिर के परिवार के लोगों ने ग्रामीणोें के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया और मुव्वसिर को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर भगा दिया। मुव्वसिर को पकड़ने के लिये भागी पुलिस टीम पर पथराव करते हुए पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी भी तोड़ डाली। पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर गांव से भाग निकली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों का सीएचसी में उपचार कराया।

पुलिस टीम पर हमला कर गोतस्कर को छुड़ाने को पुलिस गंभीरता से ले रही है। किरन पाल सिंह, इंस्पेक्टर-दौराला का कहना है कि गोतस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर आरोपित को भगा दिया है। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस पर हमला करने वालों और गोतस्कर समेत सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Exit mobile version