Site icon Buziness Bytes Hindi

पिछले साल से बेहतर सीआईएससीई बोर्ड के नतीजे, 10वीं में 99.33% तो 12वीं में 96.84% छात्र हुए सफल


पिछले साल से बेहतर सीआईएससीई बोर्ड के नतीजे, 10वीं में 99.33% तो 12वीं में 96.84% छात्र हुए सफल

नई दिल्ली: ‘द काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन’ (सीआईएससीई) ने 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईसीएस) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। छात्र अपना रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट www.cisce.org और www.results.cisce.org पर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा एसएमएस के जरिए भी रिजल्ट देख सकते हैं। छात्र अपनी मार्कशीट और पास सर्टिफिकेट डिजीलॉकर पर 48 घंटे बाद देख सकते हैं।

पिछले साल से बेहतर हैं नतीजे
इस साल इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) कक्षा 10वीं में 99.33 प्रतिशत और इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (ISC) कक्षा 12वीं में 96.84 प्रतिशत छात्र उतीर्ण हुए हैं, जो पिछले साल से बेहतर है। पिछले साल 10वीं में 98.54 प्रतिशत और 12वीं में 96.52 फीसदी छात्र सफल हुए थे।

इस बार जारी नहीं हुई मेरिट लिस्ट
कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए सीआईएससीई ने इस बार मेरिट लिस्ट जारी नहीं किया है। बोर्ड के सचिव गेरी अराथून ने बताया कि सीआईसीएसई बोर्ड असाधारण परिस्थितियों को देखते हुए इस वर्ष 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा की मेरिट सूची प्रकाशित नहीं करेगा।

10वीं में 2 लाख और 12वीं में 88 हजार छात्र
सीआईएससीई के 10वीं (आईसीएसई) में 2 लाख 7 हजार 902 छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 2 लाख 6 हजार 525 छात्र पास हुए, जबकि 12वीं (आईसीएस) की परीक्षा में 88 हजार 409 छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 85 हजार 611 छात्र पास हुए हैं।

रद्द हुए पेपर्स का होगा आंतरिक मूल्यांकन
बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण बोर्ड ने आईसीएसई और आईएससी के 19 मार्च से 31 मार्च के बीच की सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। पिछले महीने परिषद ने सुप्रीम कोर्ट में बताया था कि वह बची हुई परीक्षाओं को रद्द करने के लिए तैयार है और आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर छात्रों के रिजल्ट जारी किए जाएंगे।

Exit mobile version